नयी दिल्ली, 24 नवंबर (भाषा) इलेक्ट्रिक बस बनाने वाली हैदराबाद की कंपनी ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक वित्त वर्ष 2027-28 की पहली तिमाही से छह इलेक्ट्रिक ट्रक मॉडल पेश करने की योजना है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
कंपनी वाणिज्यिक वाहन क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहन खंड पर ध्यान दे रही है।
‘ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक’ के प्रबंध निदेशक महेश बाबू ने पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा कि कंपनी विभिन्न स्थानों पर परीक्षण के लिए 10-12 प्रोटोटाइप (प्रारूप) तैयार कर रही है। कंपनी अप्रैल-जून तिमाही से हर तीन महीने में एक ट्रक पेश करने की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा, ”ट्रक का विकास शुरू हो चुका है। इस महीने हम अपना पहला प्रोटोटाइप तैयार कर रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर परीक्षण के लिए हम 10-12 प्रोटोटाइप बना रहे हैं। हमें अगले वित्तवर्ष की पहली तिमाही से इन्हें पेश करने की उम्मीद है।”
बाबू ने बताया कि कंपनी छह मॉडल विकसित कर रही है और हर तिमाही में एक मॉडल पेश करने की योजना है।
उन्होंने कहा, ”हम शुरुआत 38-55 टन क्षमता वाले ट्रकों से करेंगे। हमारा मुख्य ध्यान इसी खंड पर रहेगा।”
बाबू ने कहा, ”ये वाहन सब्सिडी के पात्र होंगे क्योंकि इनका डिजाइन और विकास पूरी तरह हमने किया है।”
ओलेक्ट्रा नए इलेक्ट्रिक बस और ट्रक प्लेटफॉर्म के विकास पर करीब 450 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। दोनों प्लेटफॉर्म में कई कलपुर्जे समान होंगे, इसलिए यह निवेश संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
बाबू के मुताबिक, ओलेक्ट्रा की चालू वित्त वर्ष के अंत तक सालाना 1,200 ट्रक और 5,000 बस बनाने की क्षमता विकसित करने की योजना है।
भाषा राजेश राजेश योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.