मुंबई, नौ मार्च (भाषा) जापान के दिग्गज प्रौद्योगिकी समूह एनटीटी ने अगले दो साल में भारतीय परिचालन से आय को दोगुना करने का लक्ष्य तय किया है। इसके साथ ही कंपनी डाटा भंडारण क्षमता को भी दोगुना करने का इरादा रखती है।
कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एनटीटी डाटा सेंटर और क्लाउड खंड की अग्रणी कंपनी है।
कंपनी अगले पांच सालों में 2.5 अरब डॉलर का निवेश करेगी, जिसमें से ज्यादातर निवेश महाराष्ट्र में होगा। यह निवेश मुख्य रूप से डाटा सेंटर की क्षमता बढ़ाने, हरित ऊर्जा और पनडुब्बी केबल इकाई स्थापित करने के लिए किया जाएगा।
यह निवेश 2018 में घोषित किए गए दो अरब डॉलर के निवेश के अतिरिक्त है।
एनटीटी डाटा 30 अरब डॉलर की आईटी सेवा और डाटा सेंटर प्रदाता वैश्विक कंपनी है और भारत में यह सबसे बड़ी डाटा सेंटर संचालक है, जिसके पास 22 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी है।
दूरसंचार कंपनी के तौर पर शुरुआत करने वाला एनटीटी समूह कई सालों में लगभग 100 कंपनियों का अधिग्रहण कर चुकी है।
एनटीटी डेटा के वैश्विक मुख्य कार्यकारी अभिजीत दुबे और एनटीटी डेटा इंडिया के प्रबंध निदेशक शरद सांघी ने बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि भारत हमारा सबसे तेजी से बढ़ता हुआ डाटा सेंटर और आईटी सेवा बाजार है। यह जापान के बाहर उनका सबसे बड़ा बाजार भी है, जहां इसके कुल 3.5 लाख कर्मचारियों में 37,000 से अधिक लोग कार्यरत हैं।
भाषा अनुराग पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
