scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशअर्थजगतकृत्रिम बुद्धिमत्ता के जोखिमों को लेकर सजग रहने की जरूरतः नीति आयोग सदस्य

कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जोखिमों को लेकर सजग रहने की जरूरतः नीति आयोग सदस्य

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) नीति आयोग के सदस्य वी के सारस्वत ने अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकी के विकास में सतर्कता बरतने का शुक्रवार को अनुरोध करते हुए कहा कि मशहूर भौतिकविद स्टीफन हॉकिंग पूर्ण कृत्रिम बुद्धिमत्ता के मानव जाति के अंत का सबब बनने की आशंका पहले ही जता दी थी।

सारस्वत ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था के लिए इसके लाभ होने के साथ इसके विकास से जुड़े कुछ नियंत्रण एवं संतुलन स्थापित करने की भी जरूरत है।

उन्होंने कहा, ‘हमें स्टीफन हॉकिंग की बात भूलनी नहीं चाहिए। पूर्ण कृत्रिम बुद्धिमत्ता का विकास आगे चलकर मानव जाति के अंत का भी सबब बन सकता है। इंसान एक बार कृत्रिम बुद्धिमत्ता विकसित करता है और फिर वह बड़ी तेजी से खुद ही अपने-आप को नए सिरे से डिजाइन करने लगती है।’

नीति आयोग सदस्य ने कहा, ‘ऐसी स्थिति में जैविक विकास के क्रम में धीमी रफ्तार वाले इंसान उसका मुकाबला नहीं कर पाएंगे और उनकी जगह छीन ली जाएगी। हमें उस स्थिति के खिलाफ अभी ही अपना बचाव करना है।’

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वर्ष 2035 तक भारतीय अर्थव्यवस्था में एक लाख करोड़ डॉलर का योगदान देने की संभावना है लेकिन इसी के साथ समाज पर भी इसका काफी असर देखने को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि संभावित असर से जुड़े जोखिमों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। इससे बचने के उपाय करने होंगे।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments