नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की एनबीसीसी (इंडिया) लि. ने 117 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के विकास के लिए हुडको के साथ एक शुरुआती समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
एनबीसीसी ने सोमवार को बयान में कहा कि उसने ‘‘पंचकूला, कौशांबी, अहमदाबाद और नयी दिल्ली में परिवर्तनकारी विकास परियोजनाओं को क्रियान्वित’’ करने के लिए आवास एवं शहरी विकास निगम लि. (हुडको) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।’’
इस समझौता ज्ञापन पर हुडको के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ और एनबीसीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक के पी महादेवस्वामी ने हस्ताक्षर किए।
समझौते के तहत, एनबीसीसी गाजियाबाद के कौशांबी में एक वाणिज्यिक परिसर का विकास, हरियाणा के पंचकूला में हुडको के भूखंड का एकीकृत पुनर्विकास और अहमदाबाद स्थित हुडको के क्षेत्रीय कार्यालय में नए ब्लॉक का निर्माण करेगी।
इसमें राष्ट्रीय राजधानी स्थित एशियाई खेल गांव परिसर में आवासीय फ्लैट का पुनर्निर्माण भी शामिल होगा।
बयान में कहा गया, ‘‘इन परियोजनाओं पर कुल मिलाकर 117 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा और इन्हें एनबीसीसी पूरी तरह से तैयार कर देगी।’’
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
