नयी दिल्ली, 20 नवंबर (भाषा) महिंद्रा हॉलिडेज एंड रिजॉर्ट्स के निदेशक मंडल ने एक अनुषंगी कंपनी ‘महिंद्रा सिग्नेचर रिसॉर्ट्स’ के जरिये लग्जरी आतिथ्य व्यवसाय में प्रवेश करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि वह अवकाश (हॉलिडे) बाजार के लिए लग्जरी आतिथ्य ब्रांड ‘महिंद्रा सिग्नेचर रिसॉर्ट्स’ पेश करने जा रही है। कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2029-30 तक इस ब्रांड के तहत 2,000 रिजॉर्ट्स को शामिल करना है।
महिंद्रा हॉलीडेज एंड रिजॉर्ट्स ने कहा कि अवकाश आतिथ्य व्यवसाय में प्रवेश से मौजूदा व्यापार खंड में व्यापकता एवं विविधता आएगी। उसने कहा, ‘‘हमें समग्र पर्यटन क्षेत्र में तेजी से बढ़ती श्रेणियों एवं ग्राहकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।’’
कंपनी को पूंजीगत व्यय एवं पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी महिंद्रा होटल्स एंड रेजिडेंस इंडिया लिमिटेड में इस व्यवसाय की स्थापना के लिए करीब 1,000 करोड़ रुपये का प्रारंभिक निवेश करने की उम्मीद है।
शेयर बाजार को दी सूचना के अनुसार, ‘‘कंपनी के निदेशक मंडल ने 19 नवंबर 2025 को आयोजित अपनी बैठक में ‘लीजर हॉस्पिटैलिटी’ को नए व्यवसाय के रूप में शुरू करने को मंजूरी दे दी। इसे कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी अर्थात महिंद्रा होटल्स एंड रेजिडेंस इंडिया लिमिटेड के माध्यम से ‘महिंद्रा सिग्नेचर रिसॉर्ट्स’ ब्रांड नाम के तहत चलाया जाएगा।’’
महिंद्रा हॉलिडेज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनोज भट्ट ने कहा, ‘‘बढ़ती समृद्धि से नए अनुभवों से भरी छुट्टियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। हमारा मानन है कि परिवार पारंपरिक अर्थों से आगे बढ़कर सार्थक संबंधों एवं साझा अनुभवों की ओर बढ़ रहे हैं। इसलिए, हम अवकाश बाजार में अग्रणी स्थान हासिल करने के लिए अपनी दो-ब्रांड रणनीति पर काम कर रहे हैं।’’
कंपनी ने भारत में अवकाश आतिथ्य क्षेत्र में शीर्ष कंपनी बनने के अपने दृष्टिकोण को साझा करते हुए कहा कि उसका लक्ष्य क्लब महिंद्रा की ‘क्लब एम’ के रूप में पुनः ब्रांडिंग करना और वित्त वर्ष 2029-30 तक उसके स्वामित्व वाले कमरों की संख्या 10,000 करना है।
भाषा निहारिका वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
