मुंबई, 24 नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने घटिया गुणवत्ता की दवाएं और नकली दवाएं बनाने के आरोप में पुणे की एक दवा कंपनी का विनिर्माण लाइसेंस रद्द कर दिया।
एफडीए ने मंगलवार को बयान में कहा कि उसने 23 नवंबर के आदेश के जरिये इंदुकेयर फार्मास्युटिकल एंड रिसर्च फाउंडेशन को दवाओं का विनिर्माण, पैकिंग, परीक्षण और वितरण तत्काल बंद करने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने कंपनी को अक्टूबर में कारण बताओ नोटिस जारी किया था। कंपनी से तीन नवंबर को लिखित जवाब मिलने के बाद 23 नवंबर को उसकी सुनवाई की गई।
लाइसेंस प्राधिकरण ने कंपनी की इस दलील को खारिज कर दिया कि मरीजों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। एफडीए ने कहा, ”शिकायतें नहीं मिलने के बावजूद नकली और कम प्रभाव वाली दवाओं से इलाज विफल होने का खतरा बना रहता है।”
सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद पुणे संभाग के संयुक्त आयुक्त (औषधि) और लाइसेंस प्राधिकरण ने फरवरी 2024 में कंपनी को दिए गए दवा विनिर्माण लाइसेंस रद्द कर दिए।
प्राधिकरण के अनुसार, पुणे जिले के पुरंदर स्थित कंपनी के कारखाने में बनाई गई विभिन्न दवाओं के नमूनों की जांच की गई। 14 और 15 जुलाई को विनिर्माण इकाई के निरीक्षण में अच्छी विनिर्माण प्रक्रियाओं (जीएमपी) से जुड़ी 25 गंभीर कमियां सामने आईं।
जांच में मानक गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाई गईं कई दवाओं के नमूने पिंपरी-चिंचवड स्थित वाईसीएम अस्पताल के केंद्रीय चिकित्सा भंडार से लिए गए थे। ऐसी दवाओं का करीब 1.72 करोड़ रुपये का भंडार चार नवंबर को जब्त किया गया।
एफडीए ने कहा कि कंपनी ने वितरक को भेजी गई दवाओं के बैच का रिकॉर्ड भी नहीं रखा था। दवाओं के नियंत्रण नमूनों में भी गड़बड़ियां मिलीं। डिब्बों पर लिखे दवा के नाम, बैच नंबर और दवा की मियाद खत्म होने की तिथि का आपस में मिलान नहीं हो रहा था। ‘केयरमाइड’ के डिब्बों में ‘केयरगिल-400’ की स्ट्रिप मिलीं।
प्राधिकरण ने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता और उनके सुरक्षित रहने की अवधि से जुड़े अध्ययन के रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।
एफडीए को दवाओं के लेबल पर गलत तारीखें भी मिलीं। प्रशासन के अनुसार, मार्च 2026 में बनाई गई ‘सिप्रोफ्लॉक्सासिन’ की गोलियों पर विनिर्माण की तारीख दिसंबर 2025 लिखी थी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कारखाने में साफ-सफाई की कमी, दवाओं के अनुचित भंडारण, मकड़ी के जाले और गंदे कपड़े बदलने वाले कमरे भी मिले।
एफडीए ने कहा कि तैयार दवाएं तापमान और नमी की निगरानी किए बिना सीधे फर्श पर रखी गई थीं।
बयान में कहा गया, ”जांच में पाया गया कि कंपनी ने नौ दवाओं के लिए उत्पाद बनाने की अनुमति लिए बिना उनका विनिर्माण और बिक्री की थी। कंपनी ने अपने लिखित जवाब में भी स्वीकार किया कि उसने इन दवाओं के लिए अलग से उत्पाद अनुमति नहीं ली थी।”
एफडीए ने कहा कि बिना अनुमति बनाई गई इन सभी नौ दवाओं के नमूने सरकारी विश्लेषकों की जांच में मानक गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए गए या उन्हें गलत लेबल वाली अथवा नकली दवा घोषित किया गया।
प्राधिकरण के अनुसार, ‘केयर जिंक’ (विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, जिंक और विटामिन सी कैप्सूल) में विटामिन सी की मात्रा लेबल पर किए गए दावे की केवल 72.73 प्रतिशत थी।
‘आइबुकेयर प्लस’ (आइबुप्रोफेन 400 मिलीग्राम और पैरासिटामोल 325 मिलीग्राम की गोलियां) में सक्रिय तत्व आइबुप्रोफेन बिल्कुल नहीं मिला। इस दवा को नकली घोषित किया गया।
इसी तरह, ‘केयरविटा-एम’ (विटामिन बी कॉम्प्लेक्स फोर्ट, बायोटिन और विटामिन सी की गोलियां) में विटामिन बी1, बी2, बी6, बी12, फोलिक एसिड, विटामिन सी, नियासिनामाइड, कैल्शियम पैंटोथेनेट और मैग्नीशियम में से कोई भी तत्व नहीं मिला। इसे भी नकली दवा घोषित किया गया।
भाषा योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.