scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशअर्थजगतअब शिक्षा क्षेत्र में दांव लगाने को तैयार मफतलाल समूह, यूनिफॉर्म से लेकर एआई तक अगुवा बनने का इरादा

अब शिक्षा क्षेत्र में दांव लगाने को तैयार मफतलाल समूह, यूनिफॉर्म से लेकर एआई तक अगुवा बनने का इरादा

Text Size:

नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) कभी मशहूर कपड़ ब्रांड रहा अरविंद मफतलाल समूह अब शिक्षा क्षेत्र में बड़ा दांव लगाने जा रहा है। समूह का इरादा यूनिफॉर्म (स्कूलों, अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली वर्दी) से लेकर कृत्रिम मेधा (एआई) तक की पेशकश करने का है। समूह के वाइस-चेयरमैन प्रियव्रत मफतलाल ने यह जानकारी दी।

समूह की प्रमुख कंपनी मफतलाल इंडस्ट्रीज कपड़ा, विशेषरूप से यूनिफॉर्म क्षेत्र पर खास ध्यान देगी। इसके साथ ही कंपनी प्रौद्योगिकी, भविष्य के कौशल, उद्यमिता और स्वास्थ्य एवं स्वच्छता क्षेत्र पर भी ध्यान केंद्रित करेगी।

परिवार की तीसरी पीढ़ी से जुड़े प्रियव्रत मफतलाल ने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में समूह की दीर्घावधि की महत्वाकांक्षा के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘हम सिर्फ कपड़ा क्षेत्र के अलावा और भी बहुत कुछ कर रहे हैं……हम शिक्षा प्रणाली को कैसे समर्थन करेंगे, जिसमें हम ज्यादातर यूनिफॉर्म के जरिये रहे हैं। हम इसे दूसरे उद्यमों के जरिये कैसे समर्थन करेंगे जो हमने पहले ही शुरू कर दिए हैं?

मफतलाल इंडस्ट्रीज जिसकी 120 साल से ज्यादा की विरासत है, स्कूल, कॉरपोरेट और अस्पतालों के लिए यूनिफॉर्म या वर्दी बनाने वाली एक बड़ी कंपनी है। समूह की दूसरी कंपनियों में रबड़ केमिकल बनाने वाली एनओसीआईएल लि., भविष्य के कौशल पर केंद्रित लर्निंग स्टार्टअप ‘ गेट सेट लर्न’ और सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी व्रत टेक साल्यूशंस शामिल हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘कपड़ा स्पष्ट तौर पर हमारा मुख्य क्षेत्र है। यूनिफॉर्म ऐसी चीज़ है जिसे हम बदलना चाहते हैं…आज किसी के पास कपड़ा खरीदने, दर्जी के पास जाने का समय नहीं है। आप चाहते हैं कि सिलसिलाए कपड़े आपके घर आएं, खासकर यूनिफॉर्म के लिए।’’

मफतलाल ने कहा, हालांकि कुछ कंपनियां घर पर रेडिमेड यूनिफॉर्म की आपूर्ति कर रही हैं, लेकिन अगर हम इसे बड़े पैमाने पर कर सकें, तो यह एक बड़ा बदलाव होगा।

शिक्षा के क्षेत्र में, उन्होंने कहा, ‘‘समूह स्तर पर, हम शायद दुनिया के अकेले या उन कुछ खिलाड़ियों में से एक के तौर पर स्थापित होना चाहेंगे जो आपको यूनिफॉर्म से लेकर एआई तक सब कुछ दे रहे हैं।’’

उन्होंने बताया, ‘‘हम सरकारी स्कूलों में कक्षाओं को डिजिटल कर रहे हैं। उन्हीं सरकारी स्कूलों के साथ, अब हम आईसीटी लैब, पीएएल लैब और रोबोटिक लैब बनाने की ओर बढ़ रहे हैं। हम उस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।’’

‘गेट सेट लर्न’ का ज़िक्र करते हुए, मफतलाल ने कहा, ‘‘यह सिर्फ भविष्य के कौशल… उद्यमिता और भविष्य के उद्यमिता रोबोटिक्स, एआई, करियर और जीवन में काम आने वाले कौशल पर काम कर रही है। हम इसे दुनिया के कुछ सबसे बड़े नामों जैसे हार्वर्ड, कैम्ब्रिज, आईआईटी गुवाहाटी, आईआईटी रुड़की, वीईएक्स… के साथ बना रहे हैं… (वे) भविष्य के कौशल के तहत आने वाले इस सफर पर मिलकर चलने के लिए हमारे साथ भागीदारी कर रहे हैं।’’

यह बताते हुए कि समूह स्वच्छता क्षेत्र में स्क्रब, अस्पताल कर्मियों द्वारा पहनी जाने वाली वर्दी, डायपर और सैनिटरी नैपकिन में भी मुख्य रूप से शामिल है। उन्होंने कहा कि ‘‘स्वास्थ्य एक ऐसी चीज़ है जिस पर हम फिर से ध्यान देना चाहते हैं।

मफतलाल ने कहा, ‘‘इन सभी को जोड़ने में प्रौद्योगिकी की भूमिका है। ये तीन से चार चीज़ें हैं जहां समूह बहुत बड़ी और अगुवा की भूमिका हासिल करना चाहता है।’’

भाषा अजय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments