नयी दिल्ली, 20 नवंबर (भाषा) एकीकृत आईटी समाधान प्रदाता लेनोवो की भारतीय इकाई की जुलाई-सितंबर तिमाही में आय सालाना अधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 1.2 अरब डॉलर हो गई।
डिजिटलीकरण, प्रीमियमीकरण और माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में बदलाव के बाद उपभोक्ता धारणा में सुधार से मजबूत मांग को इसमें मदद मिली।
लेनोवो इंडिया के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शैलेंद्र कत्याल ने कहा कि लेनोवो डिजिटल कैपेबिलिटी सेंटर्स और एंटरप्राइज ट्रांसफॉर्मेशन के लिए वैश्विक संकुल के तौर पर भारत की बढ़ती भूमिका का फायदा उठा रहा है…।
कत्याल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ लेनोवो इंडिया के सभी व्यावसायिक समूहों में इस समीक्षाधीन तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही का राजस्व सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। डिजिटलीकरण के बढ़ते रुझान, प्रीमियमीकरण एवं जीएसटी प्रोत्साहन से उपभोक्ताओं की बेहतर धारणा के साथ भारत में हमारी सभी श्रेणियों के लिए अच्छी मांग देखी गई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हमारा मजबूत प्रदर्शन खुदरा, एमएसएमई और उद्यम ग्राहकों दोनों के बीच हमारे ‘एंड-टू-एंड’ कृत्रिम मेधा (एआई)-संचालित प्रौद्योगिकी समाधानों को मजबूती से अपनाने से प्रेरित रहा।’’
लेनोवो समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) युआनकिंग यांग ने कहा, ‘‘ हम अनिश्चितताओं से निपटने और जबरदस्त हाइब्रिड एआई अवसरों को हासिल करने के लिए अपने अद्वितीय वैश्विक/स्थानीय मॉडल का लाभ उठाना जारी रखेंगे। हम ऐसा करके न केवल अपने शेयरधारकों को दीर्घकालिक स्थायी लाभ प्रदान करेंगे बल्कि एआई को वास्तव में प्रत्येक व्यक्ति एवं प्रत्येक उद्यम की जरूरतों के अनुरूप बनाएंगे।’’
लेनोवो के इंटेलिजेंट डिवाइसेस ग्रुप ने 15.1 अरब अमेरिकी डॉलर का राजस्व दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत अधिक है।
पीसी व्यवसाय ने अपनी वैश्विक बाजार हिस्सेदारी बढ़ाकर 25.6 प्रतिशत कर ली, जबकि एआई पीसी की हिस्सेदारी लेनोवो के सभी पीसी कारोबार में 33 प्रतिशत रही।
लेनोवो के ‘हाइब्रिड इंफ्रास्ट्रक्चर’ में प्रमुख योगदानकर्ता इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस ग्रुप ने 24 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4.1 अरब अमेरिकी डॉलर का राजस्व अर्जित किया।
समाधान एवं सेवा समूह का राजस्व 18 प्रतिशत बढ़कर 2.6 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया जो सहायक सेवाओं में दोहरे अंकों की वृद्धि से प्रेरित रहा।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
