नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) रिलायंस इंडस्ट्रीज को अगले वित्त वर्ष की पहली छमाही में गुजरात के कच्छ में अपनी विशाल नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना से सौर ऊर्जा उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। यह परियोजना सिंगापुर के आकार से लगभग तीन गुना बड़े क्षेत्र में फैली हुई है।
यह परियोजना रिलायंस इंडस्ट्रीज के स्वच्छ ऊर्जा की ओर व्यापक प्रयास तथा 2035 तक शुद्ध-शून्य कार्बन उत्सर्जन प्राप्त करने के प्रयास का हिस्सा है।
दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणामों की घोषणा के बाद निवेशकों के समक्ष प्रस्तुतीकरण में रिलायंस ने कहा कि कच्छ के 5,50,000 एकड़ क्षेत्र में परियोजना का विकास सुचारु रूप से प्रगति कर रहा है। इंजीनियरिंग और व्यवहार्यता संबंधी अध्ययन पूरे हो चुके हैं और वर्तमान में स्थल पर भूमि विकास विभिन्न चरणों में चल रहा है।
कंपनी के प्रस्तुतीकरण में कहा गया, ‘‘अगले वर्ष की पहली छमाही में खुद की आवश्यकताओं तथा हरित ईंधन उत्पादन के लिए सौर ऊर्जा उत्पादन शुरू करने की उम्मीद है।’’
चार साल पहले, रिलायंस के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने नव ऊर्जा कारोबार में 10 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश की घोषणा की थी। 1990 के दशक में अंबानी द्वारा शुरू किए गए समूह के विशाल पेट्रोलियम शोधन परिचालन को देखते हुए, इसे एक उल्लेखनीय बदलाव के रूप में देखा गया था।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
