मुंबई, 24 नवंबर (भाषा) जेएसडब्ल्यू समूह की वाहन इकाई जेएसडब्ल्यू मोटर्स लिमिटेड ने मंगलवार को अपनी नई ब्रांड पहचान और प्रतीक चिन्ह पेश किया है।
कंपनी इसके साथ ही घरेलू वाहन बाजार में प्रवेश की तैयारी कर रही है।
जेएसडब्ल्यू ने कहा कि नया प्रतीक चिन्ह उसके प्रत्येक वाहन पर लगाया जाएगा। यह कंपनी की ‘डीलरशिप’ (विक्रेता केंद्र) से लेकर डिजिटल मंचों तक हर जगह ब्रांड की पहचान बनेगा।
कंपनी ने बताया कि तीन दिसंबर को अपना उत्पादन पेश करने के साथ वाहन बाजार में प्रवेश करेगी। इसी दिन कंपनी के पहले वाहन पर नया प्रतीक चिन्ह भी नजर आएगा। यह चिन्ह भविष्य में परिवहन के क्षेत्र को लेकर कंपनी की महत्वाकांक्षाओं और दृष्टिकोण को दर्शाने के लिए तैयार किया गया है।
जेएसडब्ल्यू समूह के चेयरमैन सज्जन जिंदल ने कहा, ‘‘भारत सर्वश्रेष्ठ का हकदार है, न कि सिर्फ ऐसी चीजों का जो किफायती हों। जेएसडब्ल्यू मोटर्स में हमारा लक्ष्य विश्वस्तरीय परिवहन सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाना और वैश्विक स्तर की बेहतरीन प्रौद्योगिकी भारतीय उपभोक्ताओं के लिए सुलभ बनाना है।’’
ब्रांड डिजाइन की पहल का नेतृत्व करने वाले पार्थ जिंदल ने कहा कि जेएसडब्ल्यू मोटर्स की पहचान नए भारत के आत्मविश्वास और महत्वाकांक्षाओं को दर्शाने के लिए तैयार की गई है।
जेएसडब्ल्यू मोटर्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रंजन नायक ने कहा, ‘‘कंपनी का प्रतीक चिन्ह भारत में वैश्विक स्तर की बेहतरीन प्रौद्योगिकी लाने, देश में प्रौद्योगिकी क्षमताएं विकसित करने और भारत से विश्वस्तरीय वाहन विनिर्माण कंपनी बनाने की रणनीति को दर्शाता है।’’
जेएसडब्ल्यू मोटर्स समूह के भीतर एक स्वतंत्र वाहन ब्रांड है। इसके वाहनों का विनिर्माण महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित कंपनी के नए संयंत्र में किया जाएगा। इनकी बिक्री जेएसडब्ल्यू मोटर्स के नाम से अलग डीलरशिप के जरिये होगी।
भाषा यासिर रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.