scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमदेशअर्थजगतअसम का जोरहाट, बर्लिन और लंगकावी को पछाड़कर भारतीयों के लिए सबसे लोकप्रिय गंतव्य बना

असम का जोरहाट, बर्लिन और लंगकावी को पछाड़कर भारतीयों के लिए सबसे लोकप्रिय गंतव्य बना

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) असम का सुरम्य जोरहाट वैश्विक पर्यटन स्थलों जैसे बर्लिन, लंगकावी और फुकेत को पछाड़ते हुए 2026 के लिए भारतीय यात्रियों का सबसे लोकप्रिय गंतव्य बनकर उभरा है। स्काईस्कैनर की नवीनतम ‘ट्रैवल ट्रेंड्स रिपोर्ट’ में यह जानकारी दी गई।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि 59 प्रतिशत भारतीय अगले वर्ष अधिक यात्रा करने की योजना बना रहे हैं।

बुधवार को जारी हुई इस वार्षिक रिपोर्ट में भारतीय यात्रियों की बदलती प्राथमिकताओं, यात्रा के प्रमुख कारणों और 2026 के लिए सबसे लोकप्रिय एवं किफायती स्थलों की जानकारी दी गई है।

भारत के टी-20 कप्तान और स्काईस्कैनर के ब्रांड एम्बैसडर सूर्यकुमार यादव की उपस्थिति में जारी की गई रिपोर्ट में कहा गया कि जोरहाट, जो अपने चाय के बागानों और सांस्कृतिक विरासत के लिए मशहूर है, ट्रेंडिंग पर्यटन स्थलों की सूची में सबसे ऊपर है। इसके बाद श्रीलंका का जाफना और ओमान का मस्कट दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, अन्य उभरते हुए लोकप्रिय पर्यटन स्थल हैं न्यूजीलैंड का क्वीनस्टाउन, थाइलैंड का चियांग राय और सऊदी अरब का अल-उला।

ये दर्शाते हैं कि भारतीय यात्री अब ऐसे स्थानों की तलाश में हैं जो मौलिकता (असली अनुभव) और नएपन दोनों का अनुभव कराते हों।

रिपोर्ट में सबसे किफायती गंतव्यों की एक सूची भी दी गई है, जहां पिछले एक साल में औसत हवाई किराये में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई है। इस श्रेणी में तिरुपति सबसे आगे है जहां हवाई किराये में 18 प्रतिशत की गिरावट आई है, इसके बाद मलेशिया का लंगकावी (17 प्रतिशत) और जर्मनी का बर्लिन (16 प्रतिशत) का स्थान है।

यह सर्वेक्षण 2,000 भारतीय यात्रियों पर किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, यात्रा की योजना बनाते समय खर्च अब भी सबसे महत्वपूर्ण पहलू बना हुआ है।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments