नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (भाषा) जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 62.33 प्रतिशत बढ़कर 226.86 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को यह जानकारी दी।
जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लि. ने वित्त वर्ष 2024-25 की जुलाई-सितंबर में 139.75 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था।
कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसकी एकीकृत परिचालन आय 4,011.31 करोड़ रुपये रही जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 3,621.56 करोड़ रुपये थी।
जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के दौरान उसका कुल व्यय बढ़कर 3,714.05 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,433.55 करोड़ रुपये था।
कंपनी के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रघुपति सिंघानिया ने कहा, ‘‘घरेलू बाजारों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय वृद्धि के कारण मात्रा में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अमेरिकी शुल्क को लेकर व्याप्त अनिश्चितता के बावजूद निर्यात मात्रा में पिछली तिमाही की तुलना में 13 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह वृद्धि हमारी बेहतर उत्पाद गुणवत्ता पेशकश, मौजूदा बाजारों में गहरी पैठ और नए भौगोलिक क्षेत्रों में विविधता लाने के लिए उच्च मार्जिन वाले उत्पादों की शुरूआत को दर्शाती है।’’
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
