तेल अवीव, 20 नवंबर (भाषा) साइबर सुरक्षा समाधान उपलब्ध कराने वाली इजराइल की कंपनी चेक पॉइंट ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह आने वाले वर्षों में निवेश और अधिक इंजीनियरों की नियुक्ति करके बेंगलुरु स्थित अपने अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) केंद्र का विस्तार करने पर विचार कर रही है।
चेक पॉइंट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नदव जफरीर ने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात के बाद यहां संवाददाताओं से कहा कि भारत कंपनी के लिए एक ‘बहुत’ महत्वपूर्ण बाजार है। ‘‘…अगले 10 वर्षों में, हम भारत में करोड़ों डॉलर के निवेश की बात कर रहे हैं। यह हमारे लिए एक बहुत ही रणनीतिक निवेश है।’’
गोयल की अगुवाई में 60 सदस्यीय व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल यहां आया है। वह द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए नेताओं और कंपनियों से मिल रहे हैं।
जफरीर ने कहा, ‘‘इजराइल के बाहर हमारा सबसे बड़ा अनुसंधान एवं विकास केंद्र भारत में, बेंगलुरु में है। इसका कारण हमें वहां बेहतर प्रतिभाएं मिलती हैं। खासकर जब हम अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के बारे में सोचते हैं और नेटवर्क सुरक्षा के क्षेत्र में जब दुनिया बदल रही है, हमारे पास सैकड़ों इंजीनियर हैं… हम और नियुक्तियां करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि भारत में बैंकिंग, व्यापार, रक्षा और बिजली जैसे क्षेत्रों में कंपनी के लिए काफी अवसर हैं।
जफरीर ने कहा, ‘‘बेंगलुरु में हमारे पास पहले से ही सैकड़ों इंजीनियर हैं और हम लगातार तेजी से, ज्यादा से ज्यादा लोगों की भर्ती कर रहे हैं। इसका कारण खतरे इतने बढ़ते जा रहे हैं और इतनी तेजी से बदल रहे हैं कि हमें दुनिया की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं की जरूरत है।’’
उन्होंने कहा कि जब आप साइबर सुरक्षा और नेटवर्क इंजीनियरिंग के बारे में सोचते हैं, तो उस प्रतिभा को नियुक्त करने के लिए शायद सबसे अच्छी जगहों में से एक बेंगलुरु है।
जफरीर ने कहा कि साइबर सुरक्षा की जरूरतें और बढ़ेंगी क्योंकि लोगों के जीवन के हर पहलू का डिजिटलीकरण हो रहा है और कृत्रिम मेधा द्वारा इसे बेहतर बनाया जा रहा है।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
