नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) आईपीएल बायोलॉजिकल्स लिमिटेड ने फिलिपीन में कुछ जैव-कीटनाशक (सूक्ष्मजीव) उत्पादों के विपणन के लिए मित्सुई इंडिया और एगस्मार्ट के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
सोमवार को जारी एक बयान में, आईपीएल बायोलॉजिकल्स ने कहा कि उसने फिलिपीन में कुछ जैव-कीटनाशक (सूक्ष्मजीव) उत्पादों के पंजीकरण, विपणन और वितरण के लिए मित्सुई इंडिया के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
कंपनी ने कहा कि ये जैव-कीटनाशक खतरनाक रासायनिक कीटनाशकों की जगह लेंगे।
कंपनी ने इन साझेदारियों से मात्रा और मूल्य दोनों के संदर्भ में बिक्री क्षमता का उल्लेख नहीं किया।
आईपीएल बायोलॉजिकल्स लिमिटेड कृषि के लिए जैविक समाधानों में विशेषज्ञता रखती है और इसके पास जैव-उर्वरकों और जैव-कीटनाशकों का एक पोर्टफोलियो है। इसके पास रोग और कीट प्रबंधन, पादप पोषक तत्व एवं स्वास्थ्य प्रबंधन, और मृदा प्रबंधन में 50 से अधिक उत्पाद हैं।
कंपनी का हरिद्वार में एक कारखाना है और गुजरात में जल्द ही एक नया स्वचालित संयंत्र चालू होने वाला है।
मित्सुई एंड कंपनी एक वैश्विक व्यापारिक और निवेश कंपनी है जिसकी 60 से अधिक देशों में उपस्थिति है और इसका विविध व्यावसायिक पोर्टफोलियो विभिन्न उद्योगों को कवर करता है। मित्सुई इंडिया, मित्सुई एंड कंपनी समूह की एक कंपनी है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
