scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत के व्यापक आर्थिक आधार मजबूत, वैश्विक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया: सीतारमण

भारत के व्यापक आर्थिक आधार मजबूत, वैश्विक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया: सीतारमण

Text Size:

नयी दिल्ली, 29 जनवरी (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत का व्यापक आर्थिक आधार ‘पहले से कहीं अधिक मजबूत’ है। उन्होंने कहा कि देश ने वैश्विक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है, जिससे हमारी संभावित जीडीपी वृद्धि दर बढ़कर सात प्रतिशत हो गई है।

सीतारमण ने संसद में आर्थिक समीक्षा 2025-26 पेश करने के बाद, सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि भू-राजनीतिक विखंडन और आर्थिक उथल-पुथल से भरी इस दुनिया में भारत एक वैश्विक चमकते सितारे के रूप में खड़ा है – जो मजबूत, स्थिर और आगे बढ़ने वाला है।

वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘हमारे व्यापक आर्थिक आधार पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं। हमने वैश्विक प्रतिकूल परिस्थितियों का सफलतापूर्वक मुकाबला करते हुए भारत को उच्च वृद्धि पथ पर पहुंचाया है। हमने अपनी संभावित जीडीपी वृद्धि दर को सुधारकर सात प्रतिशत कर लिया है।’’

आर्थिक समीक्षा के अनुसार, वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूत गति बनाए रखी है। इसमें अगले वित्त वर्ष के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर 6.8 से 7.2 प्रतिशत के दायरे में रहने का अनुमान लगाया गया है।

एनएसओ (एनएसओ) के अनुमानों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था 7.4 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। भारत लगातार चौथे वर्ष सबसे तेजी से बढ़ने वाली दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है।

समीक्षा ने देश के वृद्धि पूर्वानुमान को तीन साल पहले के 6.5 प्रतिशत से बढ़ाकर अब सात प्रतिशत कर दिया है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments