नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की सदस्य आशिमा गोयल ने कहा है कि भारतीय बाजार पहले से मजबूत हुए हैं और उनमें विविधता आई है। उन्होंने कहा कि इन बाजारों ने अडाणी मुद्दे को बेहद सहजता से संभाल लिया है और इन पर कोई खतरा नहीं है।
गोयल ने कहा कि भारत में नियामकों ने कंपनी संचालन व्यवस्था को सख्त किया है और गलत कामों की जांच की जा रही है।
हिंडनबर्ग के आरोपों के बाद कारपोरेट घरानों की कंपनियों पर नजर बढ़ाने के संबंध में पूछे जाने पर गोयल ने पीटीआई-भाषा से कहा, “सरकार को व्यक्तिगत समूह को लेकर चिंता नहीं है.. भारतीय बाजार मजबूत हुआ है और अब उनमें ज्यादा विविधता आ गई है। अडाणी मामले का इन पर कोई खास असर नहीं पड़ा।”
अमेरिकी वित्तीय शोध और निवेश कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने 24 जनवरी को एक रिपोर्ट जारी कर अडाणी समूह पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। हालांकि समूह ने इन आरोपों को आधारहीन बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया था।
गोयल ने कहा, “बाजार पर कोई संकट नहीं है। अडाणी समूह के शेयर भी चढ़ रहे हैं।”
भाषा अनुराग रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
