scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशअर्थजगतडब्ल्यूटीओ को और मजबूत करने पर जोर देगा भारत: अधिकारी

डब्ल्यूटीओ को और मजबूत करने पर जोर देगा भारत: अधिकारी

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) भारत कैमरून में होने वाली आगामी मंत्रिस्तरीय बैठक में विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) को और अधिक मजबूत करने की वकालत करेगा।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि विभिन्न भू-राजनीतिक कारणों से वैश्विक स्तर पर जारी उथल-पुथल के बीच भारत चाहता है कि वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने में डब्ल्यूटीओ अधिक प्रभावी भूमिका निभाए।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कैमरून के याउंडे में 26 से 29 मार्च, 2026 तक आयोजित होने वाले डब्ल्यूटीओ के 14वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, भारत इस बैठक में ई-कॉमर्स ट्रांसमिशन (इंटरनेट के जरिए होने वाले डिजिटल व्यापार) पर 28 साल से जारी रोक (मोरेटोरियम) को आगे बढ़ाने, मत्स्य पालन सब्सिडी और चीन के नेतृत्व वाले ‘विकास के लिए निवेश सुविधा’ (आईएफडी) समझौते के प्रस्ताव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाएगा। इसके अलावा, सदस्य देशों के बीच अमेरिकी प्रशासन द्वारा हाल ही में विभिन्न देशों पर लगाए गए शुल्कों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

अधिकारियों ने कहा, ‘हम बहुपक्षीय व्यापार में विश्वास करते हैं और डब्ल्यूटीओ को और मजबूत बनाने की जरूरत है। संगठन को वैश्विक व्यापार में अधिक प्रासंगिक और प्रभावी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए।’

ई-कॉमर्स के विषय पर अधिकारियों ने बताया कि इसे स्पष्ट रूप से परिभाषित करना एक बड़ी चुनौती रही है। इसके लिए सदस्य देशों को एकमत होना होगा क्योंकि स्पष्ट परिभाषा होने पर ही प्रतिबद्धताएं प्रभावी होती हैं।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments