scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत ने वित्त वर्ष 2023-24 में 48 देशों से सोना आयात किया: सरकार

भारत ने वित्त वर्ष 2023-24 में 48 देशों से सोना आयात किया: सरकार

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) भारत ने वित्त वर्ष 2023-24 में 48 देशों से सोना आयात किया और मूल्यवान पीली धातु पर अलग-अलग आयात शुल्क होने का कारण मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के तहत देश के रणनीतिक व्यापार हित हैं। संसद को यह जानकारी शुक्रवार को दी गयी।

राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि भारत सोने पर या तो प्रमुख तरजीही राष्ट्र (एमएफएन) के आधार पर या मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के आधार पर आयात शुल्क लगाता है।

एमएफएन दरों के तहत, सोने पर आयात शुल्क छह प्रतिशत है, जबकि सोने के डोर (अपरिष्कृत सोने) के लिए यह 5.35 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने वित्तवर्ष 2023-24 में 48 देशों से सोना आयात किया।’’ उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर, अन्य देशों द्वारा सोने पर कम शुल्क की मांग एफटीए वार्ता के दौरान चर्चा की जाती है, जिसका मूल्यांकन घरेलू उद्योग के हितों और आर्थिक विचारों जैसे विभिन्न कारकों के आधार पर किया जाता है।

आसियान, कोरिया, जापान और मलेशिया के साथ भारत के व्यापार समझौते के तहत सोने पर वर्तमान आयात शुल्क शून्य है।

भारत-यूएई व्यापार समझौते के तहत, 160 टन के टीआरक्यू (टैरिफ दर कोटा) तक सोने पर पांच प्रतिशत और सोने के डोर पर 4.35 प्रतिशत शुल्क लगाया जाता है। इस मात्रा से ऊपर, कोई छूट नहीं है।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments