scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत, जापान ने ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग मजबूत बनाने पर जतायी सहमति

भारत, जापान ने ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग मजबूत बनाने पर जतायी सहमति

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) भारत और जापान ने मंत्रिस्तरीय वार्ता में ऊर्जा क्षेत्र में जैव ईंधन, हरित रसायन, कार्बन कैप्चर और आधुनिक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है।

बिजली मंत्री मनोहर लाल और जापान के अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्री मुतो योजी की सह-अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भारत-जापान मंत्रिस्तरीय ऊर्जा वार्ता आयोजित की गई।

बिजली मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि दोनों देश जापान-भारत स्वच्छ ऊर्जा साझेदारी के तहत ऊर्जा क्षेत्र में अपनी साझेदारी को प्रगाढ़ बना रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य ऊर्जा सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा बदलाव और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटना है।

दोनों पक्षों ने भारत-जापान ऊर्जा वार्ता और क्षेत्रवार संयुक्त कार्य समूहों (जेडब्ल्यूजी) के माध्यम से इस सहयोग को संस्थागत रूप दिया है।

बिजली, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, तेल और कोयला मंत्रालयों ने अपने-अपने संयुक्त कार्य समूहों के तहत हुई प्रगति पर विस्तृत जानकारी दी और भविष्य के सहयोग के मार्गों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

भारत और जापान के मंत्रियों ने ऊर्जा सुरक्षा और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने ऊर्जा दक्षता, स्वच्छ हाइड्रोजन, अमोनिया और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में प्रगति का स्वागत किया।

उन्होंने कार्बन कैप्चर, उपयोग और भंडारण, हरित रसायन, जैव ईंधन और ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिक प्रौद्योगिकियों पर सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति व्यक्त की।

मंत्रियों ने यह भी कहा कि भारत-जापान साझेदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षित, मजबूत और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा प्रणालियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।

भाषा रमण पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments