scorecardresearch
शुक्रवार, 2 मई, 2025
होमदेशअर्थजगतअमेरिका से उर्वरक आयात बढ़ाने के उपाय तलाश रहा भारत

अमेरिका से उर्वरक आयात बढ़ाने के उपाय तलाश रहा भारत

Text Size:

नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) चीन जैसे देशों पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए भारत अमेरिका से उर्वरक आयात बढ़ाने के तरीके तलाश रहा है।

एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि इसका मकसद अमेरिका के साथ व्यापार असंतुलन को कम करना है।

देश का उर्वरक आयात वित्त वर्ष 2024-25 में 7.16 प्रतिशत घटकर 8.29 अरब डॉलर का रह गया, जबकि वित्त वर्ष 2023-24 में यह आयात 8.92 अरब डॉलर और वित्त वर्ष 2022-23 में 15.32 अरब डॉलर का हुआ था।

अधिकारी ने कहा कि भारत के शीर्ष पांच आयात स्रोत रूस, सऊदी अरब, ओमान, चीन, मोरक्को और अमेरिका हैं।

रूस से इसकी आवक, वित्तवर्ष 2024-25 में 11.18 प्रतिशत घटकर 1.84 अरब डॉलर का रह गया, जबकि इससे पहले 2023-24 में यह 2.07 अरब डॉलर का था। चीन से भी यह 2024-25 में 61.13 प्रतिशत घटकर 0.88 अरब डॉलर रहा जबकि 2023-24 में यह 2.25 अरब डॉलर था।

अमेरिका से आयात भी वित्तवर्ष 2023-24 में 0.039 अरब डॉलर से 27 प्रतिशत घटकर वित्तवर्ष 2024-25 में 0.029 अरब डॉलर रह गया।

अमेरिका ने भारत के साथ बढ़ते व्यापार घाटे (आयात और निर्यात के बीच अंतर) पर चिंता जताई है। पिछले वित्तवर्ष में, अमेरिका को भारत का निर्यात वित्तवर्ष 2023-24 में 77.52 अरब डॉलर के मुकाबले 11.6 प्रतिशत बढ़कर 86.51 अरब डॉलर हो गया। वित्तवर्ष 2024-25 में आयात 7.44 प्रतिशत बढ़कर 45.33 अरब डॉलर हो गया, जो वित्तवर्ष 2023-24 में 42.2 अरब डॉलर था।

अमेरिका के साथ व्यापार अधिशेष वित्तवर्ष 2023-24 में 35.32 अरब डॉलर से पिछले वित्तवर्ष में 41.18 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। भारत और अमेरिका वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक बढ़ाने के उद्देश्य से द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। इस बढ़ते अधिशेष के कारण, अमेरिका ने दो अप्रैल को भारत सहित कई देशों के खिलाफ शुल्क लगाने की घोषणा की।

हालांकि, नौ अप्रैल को भारत पर अतिरिक्त 26 प्रतिशत शुल्क 9 जुलाई तक टाल दिया गया था क्योंकि दोनों देश व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं।

भारत अपने कृषि क्षेत्र के लिए उर्वरकों का एक प्रमुख आयातक है। कृषि क्षेत्र देश के लगभग आधे कार्यबल को रोजगार देता है।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments