scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशअर्थजगतराजस्थान में 22 सितम्बर से मनाया जाएगा ‘जीएसटी बचत उत्सव’

राजस्थान में 22 सितम्बर से मनाया जाएगा ‘जीएसटी बचत उत्सव’

Text Size:

जयपुर, 21 सितम्बर (भाषा) राजस्थान में 22 सितम्बर से ‘जीएसटी बचत उत्सव’ मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को यह घोषणा की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में माल व सेवा कर (जीएसटी) दरों में संशोधन से गरीब, किसान, मध्यम वर्ग, व्यापारी और उद्योगपतियों सहित समाज के सभी वर्गों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देशवासियों को त्योहारों पर जीएसटी दरों में कमी की अनूठी सौगात दी गई है। इसका व्यापक लाभ सुनिश्चित करने के लिए जन-जागरूकता आवश्यक है।

शर्मा जीएसटी दरों के संबंध में मंत्रियों और विधायकों की बैठक को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि राज्य में 22 से 29 सितंबर तक जीएसटी सुधार एवं दर युक्तिकरण जन-जागरूकता कार्यक्रम ‘जीएसटी बचत उत्सव’ शुरू किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जीएसटी दरों में कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के साथ ही व्यवसायी वर्ग को प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि इस कदम से दैनिक उपयोग की अधिकांश वस्तुएं सस्ती होंगी और आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।

शर्मा ने कहा कि कर कम होने से वस्तुओं की मांग बढ़ेगी, व्यापारी लाभान्वित होंगे तथा उद्योगों को सरल कर संरचना का लाभ मिलेगा।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments