scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशअर्थजगतउत्तर प्रदेश के पूर्वी संभागों में एक नवंबर से शुरू होगी धान की सरकारी खरीद

उत्तर प्रदेश के पूर्वी संभागों में एक नवंबर से शुरू होगी धान की सरकारी खरीद

Text Size:

लखनऊ, 23 अक्टूबर (भाषा) पूर्वी उत्तर प्रदेश के संभागों में एक नवंबर से सरकारी केंद्रों पर धान की खरीद शुरू होगी। यह 28 फरवरी तक जारी रहेगी।

राज्य सरकार की ओर से बृहस्पतिवार को जारी बयान के मुताबिक यह खरीद पूर्वी उत्तर प्रदेश के चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर व प्रयागराज संभागों में होगी। इसके साथ ही लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली व उन्नाव में भी एक नवंबर से खरीद होगी जो 28 फरवरी 2026 तक चलेगी।

खरीद सत्र 2025-26 में धान बिक्री के लिए एक सितंबर से किसानों द्वारा पंजीकरण शुरू किया गया। बृहस्पतिवार 23 अक्टूबर तक 1,37,166 किसानों ने पंजीकरण कराया।

बयान के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, अलीगढ़, झांसी संभाग में एक अक्टूबर से खरीद हो रही है। वहीं लखनऊ संभाग के हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर जनपद में भी धान खरीद जारी है। राज्य सरकार ने 60 लाख टन धान खरीद का लक्ष्य रखा है। विगत 23 दिन में इन संभागों में 35.63 हजार टन से अधिक की खरीद की जा चुकी है।

सरकार ने 4000 क्रय केंद्र खोलने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से 3790 क्रय केंद्र स्थापित हो गए हैं। सरकार इन केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीदारी कर रही है।

सरकार ने इस वर्ष धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि भी की है। ‘समान्य’ धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2369 रुपये और ‘ग्रेड ए’ का 2389 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने 48 घंटे के भीतर किसानों को भुगतान का निर्देश दिया है। क्रय केंद्र सुबह नौ से शाम पांच बजे तक खुलते हैं।

भाषा सलीम राजकुमार निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments