scorecardresearch
Sunday, 23 March, 2025
होमदेशअर्थजगतसरकार ने महत्वपूर्ण खनिजों के लिए भारत की पहली अन्वेषण लाइसेंस नीलामी शुरू की

सरकार ने महत्वपूर्ण खनिजों के लिए भारत की पहली अन्वेषण लाइसेंस नीलामी शुरू की

Text Size:

पणजी, 13 मार्च (भाषा) केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने बृहस्पतिवार को महत्वपूर्ण खनिजों के 13 अन्वेषण ब्लॉक के लिए अन्वेषण लाइसेंस (ईएल) की देश की पहली नीलामी का शुभारंभ किया।

रेड्डी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की मौजूदगी में डोना पाउला में अन्वेषण लाइसेंस की शुरुआत की, जो भारत के अप्रयुक्त महत्वपूर्ण और गहरे खनिज संसाधनों का उपयोग करने के उद्देश्य से एक बड़ा सुधार है।

लाइसेंस दुर्लभ मृदा तत्व (आरईई), जस्ता, हीरा, तांबा, पीजीई (प्लैटिनम समूह खनिज) और ऐसे अन्य खनिजों के अन्वेषण ब्लॉक के लिए हैं।

कार्यक्रम में महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक के 5वें चरण पर एक ‘रोड शो’ और ‘एआई हैकथॉन-2025’ का शुभारंभ भी शामिल था। यह एक खनिज अन्वेषण हैकथॉन है जो ‘एआई (कृत्रिम मेधा) का उपयोग करके खनिज लक्ष्यीकरण’ पर केंद्रित है।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री रेड्डी ने कहा कि पिछले 10 साल में भारत के खनन क्षेत्र ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं और यह देश के सबसे तेज और सर्वाधिक गतिशील क्षेत्रों में से एक के रूप में उभरा है।

उन्होंने कहा, ‘आज का दिन उद्योग जगत के लिए एक और मील का पत्थर है।’

भाषा अजय अनुराग

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments