scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशअर्थजगतकृषि विपणन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: मुख्यमंत्री शर्मा

कृषि विपणन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: मुख्यमंत्री शर्मा

Text Size:

जयपुर, आठ सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार कृषि विपणन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के कल्याण एवं समृद्धि के लिए कई कदम उठाए हैं।

वह यहां ‘राजस्थान मसाला कॉन्क्लेव-2025’ को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार विपणन व्यवस्था को मजबूत बनाने और कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण से किसानों की आय दोगुनी करने को विभिन्न योजनाएं चला रही हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा ‘कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटर’ बनाए जा रहे हैं, वहीं राजस्थान में भी इस योजना के तहत आठ इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इन सेंटर में कृषि उपज की जांच, छंटाई व गोदाम व प्रसंस्करण जैसी अनेक सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे वे अपने प्रसंस्कृत उत्पादों को उचित मूल्य पर बाजार में बेच पाएंगे।

आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा किसानों के कल्याण एवं समृद्धि के लिए कई नीतियां लाई गई हैं। कृषि प्रसंस्करण, कृषि व्यवसाय एवं कृषि निर्यात प्रोत्साहन नीति के तहत राज्य में 1,497 कृषि आधारित औद्योगिक इकाइयों को लगभग 630 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है। साथ ही, कृषि आधारित उद्योगों एवं प्रसंस्करण इकाइयों में राज्य में करीब 3,504 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है।

शर्मा ने कहा कि हमारी डबल इंजन सरकार ने कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए कई कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान मसालों के उत्पादन और व्यापार का प्रमुख केंद्र होने के साथ ही मसालों की समृद्ध परंपरा के लिए विश्व विख्यात है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब हर वर्ष ‘मसाला कॉन्क्लेव’ आयोजित किया जाएगा।

कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए कृत संकल्पित होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसानों को खाद, बीज देने में कोई कमी नहीं छोडे़गी।

भाषा पृथ्वी राजकुमार अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments