नयी दिल्ली, 31 जनवरी (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने बुनियादी ढांचे के विकास की चुनौतियों से निपटने के लिए ठोस कदम उठाए हैं और इसके लिए प्रधानमंत्री गति-शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने भी पीएम गति-शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान को लेकर उत्साह दिखाया है और इससे देश में मल्टी-मॉडल संपर्क का विस्तार होगा। राष्ट्रपति मुर्मू बजट सत्र के पहले दिन ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने अपने पारंपरिक अभिभाषण में कहा, ‘‘बीते दशकों में हमने भारत में बुनियादी ढांचे के निर्माण में दो बड़ी चुनौतियां देखी हैं। एक, अवसंरचना की बड़ी परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं हो पाती थीं। दूसरा, विभिन्न विभाग, विभिन्न सरकारें, अपनी-अपनी सुविधा से काम करती थीं।’’
उन्होंने कहा कि इससे सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग होता था, समय अधिक लगता था और सामान्य लोगों को असुविधा भी होती थी।
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मेरी सरकार ने पीएम गति-शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान बनाकर इन चुनौतियों से निपटने के लिए ठोस कदम उठाया है। इससे देश में मल्टी-मॉडल संपर्क का विस्तार होगा।’’
उन्होंने कहा कि सरकार भारत को दुनिया में सबसे प्रतिस्पर्धी लॉजिस्टिक केंद्र बनाने के लिए प्रयासरत है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
