scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशअर्थजगतसरकार ने उत्तर प्रदेश में 6,969 करोड़ रुपये की बाराबंकी-बहराइच सड़क परियोजना को मंजूरी दी

सरकार ने उत्तर प्रदेश में 6,969 करोड़ रुपये की बाराबंकी-बहराइच सड़क परियोजना को मंजूरी दी

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में बाराबंकी से बहराइच के बीच 6,969.04 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-927 के निर्माण को मंजूरी दे दी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 101.51 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक केंद्रों को निर्बाध संपर्क सुविधा प्रदान करना है।

मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) ने हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (एचएएम) के तहत 6,969.04 करोड़ रुपये की लागत से बाराबंकी से बहराइच तक नियंत्रित पहुंच के साथ चार लेन वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-927 के निर्माण को मंजूरी दी है।

इस परियोजना में लगभग 3,485.49 करोड़ रुपये की निर्माण लागत और भूमि अधिग्रहण के लिए अतिरिक्त 1,574.85 करोड़ रुपये शामिल हैं।

हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल एक सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल है। इसमें निर्माण के दौरान 40 प्रतिशत सरकारी वित्तपोषण और 60 प्रतिशत निजी निवेश शामिल होता है।

इस परियोजना से 36.54 लाख प्रत्यक्ष कार्यदिवस और 43.04 लाख अप्रत्यक्ष कार्यदिवस के नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

बाराबंकी-बहराइच सड़क मार्ग को आधुनिक बनाये जाने से बाराबंकी और बहराइच जिलों के शहरी क्षेत्रों में मौजूद सड़क से जुड़ी खामियों और भीड़भाड़ की समस्या का समाधान होगा। साथ ही यह परियोजना यात्रा की औसत गति बढ़ाएगी, यात्रा समय को लगभग एक घंटे तक कम करेगी और सड़क सुरक्षा, ईंधन दक्षता और वाहन परिचालन लागत में सुधार करेगी।

यह परियोजना पूरी होने पर नेपालगंज सीमा के माध्यम से भारत और नेपाल के बीच एक महत्वपूर्ण सीमा पार व्यापार और पारगमन गलियारा स्थापित करेगी। इससे रूपईडीहा भूमि बंदरगाह तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा।

इससे बहराइच और श्रावस्ती जैसे दूरस्थ जिलों के बीच संपर्क सुविधा बढ़ेगी, कृषि व्यापार, पर्यटन, सीमा पार व्यापार और क्षेत्रीय निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।

भाषा रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments