नयी दिल्ली, 13 नवंबर (भाषा) अमेरिकी सरकार के लंबे समय से चले आ रहे ‘शटडाउन’ की समाप्ति के बाद मजबूत वैश्विक संकेतों से बृहस्पतिवार को वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी आई।
वित्तपोषण की दिक्कतों के कारण कई अमेरिकी विभाग का कामकाज ठप होने को ‘शटडाउन’ बोला जा रहा है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर डिलिवरी वाले सोने का वायदा भाव दूसरे दिन भी बढ़त बनाए रखते हुए 1,180 रुपये या 0.93 प्रतिशत बढ़कर 1,27,645 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
इसी तरह, फरवरी, 2026 में डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 1,360 रुपये या 1.06 प्रतिशत बढ़कर 1,29,320 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी।
चांदी वायदा लगातार पांचवें सत्र में अपनी बढ़त बनाए रखा। दिसंबर डिलिवरी वाले चांदी की कीमत 3,123 रुपये या 1.93 प्रतिशत बढ़कर 1,65,214 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
जिंस एक्सचेंज पर चांदी के मार्च, 2026 में डिलिवरी वाले अनुबंध की कीमत 3,369 रुपये या 2.05 प्रतिशत बढ़कर 1,68,059 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी।
विदेशी बाजारों में, दिसंबर डिलिवरी के लिए कॉमेक्स सोना वायदा 23.20 डॉलर या 0.55 प्रतिशत बढ़कर 4,236.80 डॉलर प्रति औंस हो गया।
रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा, ‘‘अनिश्चित अमेरिकी आर्थिक परिदृश्य और फेडरल रिजर्व द्वारा अतिरिक्त ढील दिए जाने से निवेशकों के बढ़ते विश्वास के कारण, बृहस्पतिवार को सोने की कीमतें 4,200 डॉलर प्रति औंस के आसपास और तीन सप्ताह के उच्च स्तर पर रहीं।’’
कॉमेक्स में दिसंबर डिलिवरी वाला चांदी वायदा 1.79 प्रतिशत बढ़कर 54.41 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया, जो एक नया रिकॉर्ड स्तर है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
