नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) वायदा कारोबार में मंगलवार को सोने की कीमतें 1,853 रुपये बढ़कर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं। डॉलर की कमज़ोरी और बेहतर वैश्विक माहौल ने सुरक्षित निवेश की मांग को बढ़ावा दिया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अप्रैल माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 1,853 रुपये यानी 1.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,62,252 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 7,355 लॉट का कारोबार हुआ।
विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों के बाद डॉलर के कमज़ोर पड़ने से सोने की कीमतों ने पिछले सत्र में हुई गिरावट की भरपाई कर ली। ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान के साथ चल रहा टकराव अब खत्म होने के करीब हो सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में, अप्रैल अनुबंध वाला कॉमेक्स सोना वायदा 75.91 डॉलर या 1.5 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,179.61 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
दुनिया की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.84 पर कारोबार कर रहा था जिससे विदेशी कारोबार में सोने की कीमतों को समर्थन मिला।
इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, जिगर त्रिवेदी ने कहा, ‘‘सोने की कीमतें बढ़कर करीब 5,180 डॉलर प्रति औंस हो गईं, क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप के इस संकेत के बाद डॉलर कमजोर पड़ गया कि पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष जल्द ही खत्म हो सकता है।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
