scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशअर्थजगतगोदरेज प्रॉपर्टीज ने गुरुग्राम में 1,000 करोड़ रुपये में खरीदी जमीन

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने गुरुग्राम में 1,000 करोड़ रुपये में खरीदी जमीन

Text Size:

नयी दिल्ली, चार मार्च (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने आवास परियोजना के विकास के लिए गुरुग्राम में लगभग 1,000 करोड़ रुपये में 11.36 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया है। कंपनी को इस आगामी परियोजना से 4,500 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व की उम्मीद है।

कंपनी ने कोलकाता में भी पांच एकड़ का एक भूखंड हासिल करने के लिए बोली जीती हैय़ यहां वह एक आवास परियोजना का निर्माण करेगी और उसे इससे लगभग 1,650 करोड़ रुपये के राजस्व की उम्मीद है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने बुधवार को शेयर बाजार को बताया कि उसने हरियाणा के गुरुग्राम में एक आवासीय परियोजना के लिए सीधे खरीद के माध्यम से 11.36 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया है। कंपनी ने कहा, ”यह परियोजना आवासीय विकास से संबंधित है। इसमें 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित राजस्व क्षमता है।” यह भूखंड गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सेक्टर 63ए में स्थित है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने जमीन की लागत या विक्रेता के नाम का खुलासा नहीं किया है, हालांकि बाजार सूत्रों का कहना है कि जमीन की कीमत लगभग 1,000 करोड़ रुपये है।

एक अलग सूचना में कंपनी ने बताया कि उसने पश्चिम बंगाल हाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा आयोजित ई-नीलामी में कोलकाता के ईएम बाईपास के पास स्थित पांच एकड़ के भूखंड के लिए बोली जीत ली है।

गुरुग्राम में भूमि अधिग्रहण पर गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गौरव पांडेय ने कहा, ”इस नई परियोजना के साथ हमने वित्त वर्ष 2025-26 में पोर्टफोलियो विस्तार के माध्यम से 40,000 करोड़ रुपये से अधिक की भविष्य की बिक्री क्षमता जोड़ी है।”

भाषा पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments