पणजी, 27 अक्टूबर (भाषा) कजाकिस्तान के अल्माटी से एक अंतरराष्ट्रीय चार्टर्ड उड़ान के डाबोलिम हवाई अड्डे पर आने के साथ ही गोवा के 2025-26 पर्यटन सत्र की शुरुआत हो गई है।
राज्य के पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे ने सोमवार को कहा कि 25 अक्टूबर को सुबह 5.30 बजे एससीएटी एयरलाइंस की यह उड़ान डाबोलिम हवाई अड्डे पर पहुंची। यह गोवा की अंतरराष्ट्रीय संपर्क क्षमता और वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि राज्य पर्यटन विभाग साझेदारियों को मजबूत करने और विभिन्न देशों से पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अपने चार्टर नेटवर्क का विस्तार करेगा।
गोवा के पर्यटन निदेशक केदार नाइक ने कहा कि हर नई चार्टर्ड उड़ान गोवा को पसंदीदा पर्यटन स्थल के रूप में और मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि डाबोलिम और मोपा हवाई अड्डों पर सुचारू संचालन सुनिश्चित करने में सभी यात्रा भागीदारों और हितधारकों के प्रयास सराहनीय हैं।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
