मुंबई, 22 सितंबर (भाषा) इस साल त्योहारी उत्साह भारत के यात्रा उद्योग को बढ़ावा देगा, जिसमें ‘जेनरेशन जेड’ यात्रियों की मजबूत मांग और आध्यात्मिक पर्यटन में उछाल से बुकिंग में तेजी आने की उम्मीद है।
क्लियरट्रिप के एक शीर्ष अधिकारी ने यह अनुमान जताया है। उन्होंने हालांकि कहा कि हाल की घटनाओं और भू-राजनीतिक तनाव के कारण इस साल कुल वृद्धि को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्लियरट्रिप की मुख्य विकास एवं कारोबार अधिकारी मंजरी सिंघल ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘साल की शुरुआत बहुत अच्छी रही, जनवरी, फरवरी और मार्च में आय के लिहाज से अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई, और यह पूरे उद्योग के लिए एक बेहतरीन समय था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, जून और जुलाई में भू-राजनीतिक तनाव और एयर इंडिया के दुर्भाग्यपूर्ण हादसे के बाद व्यवधान देखा गया, जिसके चलते वृद्धि सुस्त हुई।’’
उन्होंने कहा कि घरेलू उड़ानों की संख्या के मामले में पिछले चार महीनों में उद्योग स्थिर रहा है और लाभ में भी कमी आई है।
सिंघल ने कहा, ‘‘अगस्त के दूसरे पखवाड़े से मांग में सुधार हुआ है, फिर भी कुल वृद्धि धीमी रहने का अनुमान है।’’
उन्होंने कहा कि ये बुकिंग मुख्य रूप से ‘जेनरेशन जेड’ यात्रियों और आध्यात्मिक पर्यटन में वृद्धि के कारण हो रही है। वर्ष 1997 से 2012 के बीच जन्मे लोगों को ‘जेनरेशन जेड’ कहते हैं।
जब उनसे पूछा गया कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) कटौती के बाद उद्योग को सरकार से आगे क्या उम्मीद है, तो उन्होंने कहा कि उपभोक्ता धारणा पर सकारात्मक प्रभाव डालने वाले उपाय किए जाने चाहिए।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
