scorecardresearch
Saturday, 21 September, 2024
होमदेशअर्थजगतसंगठित क्षेत्र में रोजगार बढ़े, ईपीएफओ ने अप्रैल में 17.08 लाख नए सदस्य जोड़े

संगठित क्षेत्र में रोजगार बढ़े, ईपीएफओ ने अप्रैल में 17.08 लाख नए सदस्य जोड़े

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) देश में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अंतर्गत संगठित क्षेत्र में रोजगार बढ़े हैं। ईपीएफओ ने अप्रैल 2022 में शुद्ध रूप से 17.08 लाख सदस्य जोड़े। यह संख्या मार्च में 12.76 लाख सदस्यों की तुलना में 34 प्रतिशत अधिक है।

श्रम मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि वेतन पर रखे गये कर्मचारियों (पेरोल) को लेकर ईपीएफओ के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2022 में शुद्ध रूप से 17.08 लाख सदस्य जुड़े।

बयान के अनुसार सालाना आधार पर अप्रैल 2021 के मुकाबले अप्रैल 2022 में सदस्यों की संख्या में 4.32 लाख की वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष अप्रैल के दौरान शुद्ध रूप से 12.76 लाख सदस्यों को जोड़ा गया था।

आंकड़ों से पता चलता है कि वित्त वर्ष 2021-22 में शुद्ध रूप से नए सदस्यों की संख्या बढ़कर 1.22 करोड़ हो गई। यह 2020-21 में 77.08 लाख, 2019-20 में 78.58 लाख और 2018-19 में 61.12 लाख थी।

अप्रैल महीने के दौरान जोड़े गए कुल 17.08 लाख सदस्यों में से लगभग 9.23 लाख सदस्य पहली बार कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) और विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 के सामाजिक सुरक्षा कवर के दायरे में आये।

उम्र के आधार पर पेरोल आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2022 के दौरान सबसे अधिक इजाफा 22-25 वर्ष के आयु वर्ग में हुआ। इस दौरान 4.30 लाख सदस्य जुड़े। इसके बाद 3.74 लाख की संख्या के साथ 29-35 आयु वर्ग का स्थान रहा।

आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, हरियाणा और दिल्ली अग्रणी बने हुए हैं। इन राज्यों ने अप्रैल 2022 के दौरान शुद्ध रूप से 11.60 लाख सदस्य जोड़े।

वहीं, महिलाओं की संख्या शुद्ध रूप से अप्रैल 3.65 लाख रही।

ईपीएफओ अप्रैल 2018 से पेरोल आंकड़ा जारी कर रहा है। इसमें सितंबर 2017 के बाद के आंकड़ों को शामिल किया गया है।

भाषा जतिन रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments