नयी दिल्ली, 24 नवंबर (भाषा) देश में दवाओं को मंजूरी देने में लगने वाला समय पिछले कुछ वर्षों में घटा है और नियामक संस्थाओं की क्षमता बढ़ने तथा नए डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल से इसमें और भी कमी आएगी। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह बात कही।
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के संयुक्त औषधि नियंत्रक चंद्रशेखर रंगा ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि सरकार ने नियामक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1,500 पदों का प्रस्ताव किया है। इन पदों पर नियुक्तियां होने के बाद दवाओं को मंजूरी देने की प्रक्रिया में लगने वाला समय और कम होगा।
उन्होंने कहा कि भारत में दवाओं को मंजूरी देने में लगने वाला समय पिछले कुछ वर्षों में कई मामलों में दो साल से अधिक से घटकर अब छह महीने से भी कम रह गया है।
चंद्रशेखर ने कहा, ”यह हमेशा इस बात पर निर्भर नहीं करता कि दवाओं को मंजूरी देने में कितना समय लगता है, बल्कि यह भी महत्वपूर्ण है कि निर्धारित समयसीमा व्यावहारिक है या नहीं। हमारी समयसीमा दुनिया की सर्वोत्तम अंतरराष्ट्रीय प्रक्रियाओं के अनुरूप है।”
उन्होंने बताया कि सीडीएससीओ ने एक डिजिटल प्रणाली विकसित की है, जिससे मंजूरी देने की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, भरोसेमंद और समयबद्ध बनी रहती है। उद्योग जगत भी इस व्यवस्था को स्वीकार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि दवा मंजूरी प्रक्रिया को और तेज करने के लिए नए डिजिटल उपकरणों का प्रस्ताव भी किया जा रहा है क्योंकि समयसीमा घटाना एक अनवरत चलने वाला प्रयास है।
नकली दवाओं के मुद्दे पर अधिकारी ने कहा कि सीडीएससीओ की ओर से जांचे गए नमूनों में नकली दवाओं की हिस्सेदारी घटकर 0.2 प्रतिशत रह गई है।
उन्होंने कहा कि सीडीएससीओ ने एक डैशबोर्ड बनाया है। नकली दवा का पता चलने पर इसकी जानकारी तुरंत वेबसाइट पर डाल दी जाती है, ताकि दवा विनिर्माता, संबंधित पक्ष और आम लोग इसकी जानकारी प्राप्त कर सकें और मरीज ऐसी दवाओं का सेवन बंद कर सकें।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.