नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर (भाषा) दवा कंपनी डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 14.5 प्रतिशत बढ़कर 1,437 करोड़ रुपये हो गया। यह वृद्धि ब्रांडेड बाजार में अच्छी बिक्री का नतीजा है।
हैदराबाद की इस दवा कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 1,255 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसकी आय बढ़कर 8,805 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 8,016 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के सह-चेयरमैन और प्रबंध निदेशक जी.वी. प्रसाद ने कहा, ‘दूसरी तिमाही में वृद्धि का मुख्य कारण ब्रांडेड बाजारों में तेजी और निकोटिन छुटकारा पद्धति (एनआरटी) पोर्टफोलियो का स्थिर योगदान रहा।’
उन्होंने कहा कि कंपनी अपने मुख्य व्यवसाय को मजबूत करने, महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने, उत्पादकता बढ़ाने और व्यावसायिक विकास पहलों को आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किए हुए है।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
