नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) डाक विभाग और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने मंगलवार को ‘एनएसई एमएफ इन्वेस्ट’ मंच के जरिये म्यूचुअल फंड तक पहुंच बढ़ाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
डाक विभाग और एनएसई ने एक संयुक्त बयान में कहा, ‘‘इस सहयोग का मकसद ग्रामीण और छोटे शहरों के लाखों भारतीयों की छोटी बचत को उत्पादक म्यूचुअल फंड निवेश में बदलकर उसे स्थायी संपत्ति बनाना है।’’
बयान के मुताबिक, ‘‘यह साझेदारी म्यूचुअल फंड उत्पादों तक पहुंच बढ़ाने के लिए भारतीय डाक के 1.64 लाख से अधिक डाकघरों के नेटवर्क और एनएसई के शून्य-लागत वाले ‘एनएसई एमएफ इन्वेस्ट’ मंच का लाभ उठाएगी।’
एनएसई के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीषकुमार चौहान ने कहा, ‘‘पूंजी बाजारों तक आम लोगों की पहुंच बढ़ाने के लिए डाक विभाग के साथ साझेदारी करना हमारे लिए गर्व की बात है। इंडिया पोस्ट की बेजोड़ पहुंच के साथ एनएसई एमएफ इन्वेस्ट का मजबूत मंच एक नया अध्याय लिखेगा।’’
डाक विभाग की महाप्रबंधक (नागरिक केंद्रित सेवाएं और ग्रामीण व्यवसाय) मनीषा बंसल बादल ने कहा कि एनएसई के साथ यह साझेदारी इंडिया पोस्ट को अपने ग्राहकों को आधुनिक निवेश समाधान प्रदान करने में सक्षम बनाएगी।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
