scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशअर्थजगतदिल्ली बजट: सरकार जल्द ही ‘गिग’ कर्मियों के लिए विश्राम स्थल, कल्याण बोर्ड स्थापित करेगी

दिल्ली बजट: सरकार जल्द ही ‘गिग’ कर्मियों के लिए विश्राम स्थल, कल्याण बोर्ड स्थापित करेगी

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) अस्थायी कर्मचारियों को होने वाली रोजमर्रा की कठिनाइयों को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार अटल कैंटीन से जुड़े विश्राम स्थल बनाएगी, जहां उन्हें लंबे कार्य घंटों के दौरान भोजन करने, मोबाइल चार्ज करने और आराम करने की सुविधा मिल सकेगी।

विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1.03 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश करते हुए गुप्ता ने कहा कि अस्थायी कर्मचारी (गिग वर्कर) अक्सर भोजन करने या अपने फोन चार्ज करने के लिए सुरक्षित स्थान नहीं ढूंढ पाते।

आमतौर पर ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए डिलिवरी का काम करने वाले अस्थायी कर्मचारियों को गिग वर्कर कहा जाता है।

मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में कहा, “अस्थायी कर्मचारी कई घंटों तक दोपहिया वाहनों पर चलते रहते हैं। ऐसे बहुत कम स्थान होते हैं जहां वे रुककर खाना खा सकें या अपने फोन चार्ज कर सकें। इन समस्याओं के कारण कई दुर्घटनाएं भी होती हैं।”

एक लक्षित पहल की घोषणा करते हुए गुप्ता ने कहा कि सरकार शहर भर में डिलिवरी कर्मियों और अन्य अस्थायी कर्मचारियों की मदद के लिए अटल कैंटीन के साथ विश्राम कक्ष विकसित करेगी।

गुप्ता ने झुग्गी-झोपड़ियों में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए ‘अटल कैंटीन’ की स्थापना को 100 करोड़ रुपये के प्रावधान की घोषणा भी की।

गुप्ता ने कहा, “हम जल्द ही अस्थायी कर्मचारियों के लिए कल्याण बोर्ड की भी स्थापना करेंगे।”

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments