scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशअर्थजगतसूक्ष्म वित्त संस्थानों का कर्ज वितरण दिसंबर तिमाही में 19 प्रतिशत बढ़कर 77,877 करोड़ रुपये पर

सूक्ष्म वित्त संस्थानों का कर्ज वितरण दिसंबर तिमाही में 19 प्रतिशत बढ़कर 77,877 करोड़ रुपये पर

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) देश के सूक्ष्म वित्त (माइक्रोफाइनेंस) संस्थानों का ऋण वितरण चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दिसंबर तिमाही में लगभग 19 प्रतिशत बढ़कर 77,877 करोड़ रुपये रहा।

सूक्ष्म वित्त संस्थान नेटवर्क (एमएफआईएन) माइक्रोमीटर की रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है। एमएफआईएन भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा मान्यता प्राप्त एक स्व-नियामक संगठन है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि बीती तिमाही के दौरान सूक्ष्म वित्त संस्थानों का कुल बकाया कर्ज पोर्टफोलियो बढ़कर 3.21 लाख करोड़ रुपये हो गया।

इसके अनुसार, ‘‘आलोच्य तिमाही के दौरान सूक्ष्म वित्त ऋण वितरण बढ़कर 77,877 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 65,392 करोड़ रुपये रहा था। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कुल 189 लाख ऋण दिए गए, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 165 लाख था।’’

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस 31 दिसंबर, 2022 तक सूक्ष्म वित्त उद्योग ने 12.6 करोड़ ऋण खातों के जरिये 6.4 करोड़ ग्राहकों को सेवाएं दी हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘कुल मिलाकर सूक्ष्म वित्त उद्योग का सकल ऋण पोर्टफोलियो (जीएलपी) 31 दिसंबर, 2022 तक 25.2 प्रतिशत बढ़कर 3,20,584 करोड़ रुपये हो गया। 31 दिसंबर, 2021 तक यह 2,56,058 करोड़ रुपये रहा था।’’

एमएफआईएन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आलोक मिश्रा ने कहा, ‘‘इस तिमाही के अंत तक, एनबीएफसी-एमएफआई सूक्ष्म वित्त सेवाओं के सबसे बड़े प्रदाता के रूप में उभरे हैं। इसके बाद बैंकों का नंबर आता है।’’

भाषा रिया अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments