scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशअर्थजगतचौहान ने पूसा परिसर में एनएससी के सब्जी, फूल बीज प्रसंस्करण संयंत्र का उद्घाटन किया

चौहान ने पूसा परिसर में एनएससी के सब्जी, फूल बीज प्रसंस्करण संयंत्र का उद्घाटन किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रीय बीज निगम (एनएससी) की सब्जी और फूल बीज प्रसंस्करण और पैकेजिंग इकाई का उद्घाटन किया।

यह नई अत्याधुनिक इकाई पूसा परिसर में स्थित है।

एक सरकारी बयान के अनुसार, उन्होंने बरेली, धारवाड़, हासन, सूरतगढ़ और रायचूर में स्थित पांच एनएससी बीज प्रसंस्करण सुविधाओं का भी वर्चुअल तौर पर उद्घाटन किया।

इसमें कहा गया, ‘‘नयी दिल्ली के पूसा स्थित बीज भवन में सब्जी बीज प्रसंस्करण संयंत्र की प्रसंस्करण क्षमता एक टन प्रति घंटा है, जबकि अन्य पांच एनएससी संयंत्रों की क्षमता चार टन प्रति घंटा है।’’

इस कार्यक्रम के दौरान, चौहान ने किसानों के लिए ‘बीज प्रबंधन 2.0’ प्रणाली और एक ऑनलाइन बीज बुकिंग मंच की शुरुआत की।

इस मंच के माध्यम से, किसान अब अपनी बीज आवश्यकताओं को ऑनलाइन बुक कर सकेंगे।

मंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि छोटे और सीमांत किसानों तक गुणवत्तापूर्ण बीजों की पहुंच बेहद ज़रूरी है।

चौहान ने कहा कि नई सुविधाएं उच्च गुणवत्ता वाले बीजों तक आसान पहुंच सुनिश्चित करेंगी और कृषि उत्पादकता में उल्लेखनीय सुधार लाएंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ये नए संयंत्र किसानों की ज़रूरतों को पूरा करेंगे, जो बेहद ज़रूरी है। हाल ही में चलाए गए ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के दौरान, सबसे ज़्यादा शिकायतें नकली और घटिया बीजों से संबंधित थीं। इसलिए, गुणवत्तापूर्ण बीजों की आपूर्ति सुनिश्चित करना ज़रूरी है और इसमें राष्ट्रीय बीज आयोग की अहम भूमिका है। सरकार इस संबंध में कड़े कदम उठा रही है।’’

चौहान ने राष्ट्रीय बीज आयोग से किसानों के लिए अपनी सेवाओं को और ज़्यादा सुलभ बनाने और निजी कंपनियों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए क्षेत्रीय भाषाओं में नवाचार करने को कहा।

उन्होंने कहा, ‘‘निजी कंपनियों की अपनी भूमिका है, लेकिन सार्वजनिक निगमों का अपना अलग महत्व है। राज्य बीज विकास निगम के कामकाज में भी सुधार की ज़रूरत है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए, राष्ट्रीय बीज आयोग को एक स्पष्ट रूपरेखा के साथ काम करना चाहिए।’’

इस कार्यक्रम में कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी, एनएससी की चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एवं कृषि मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव मनिंदर कौर द्विवेदी, संयुक्त सचिव अजीत कुमार साहू और एनएससी तथा कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

वर्ष 1963 में स्थापित, सरकारी स्वामित्व वाली एनएससी देश भर के किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन और आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments