नयी दिल्ली, 24 नवंबर (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी सेंट्रल पार्क एस्टेट्स अपनी विस्तार योजना के तहत गुरुग्राम में एक लक्जरी आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए 2,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
रियल एस्टेट, बुनियादी ढांचा, आतिथ्य और मोटर वाहन उद्योगों में उपस्थिति रखने वाली ‘द बख्शी ग्रुप ऑफ एंटरप्राइजेज’ के स्वामित्व वाली सेंट्रल पार्क ने द्वारका एक्सप्रेसवे के सेक्टर-104 में एक नई परियोजना ‘डेल्फिन’ शुरू की है।
कंपनी 7.85 एकड़ में फैली इस परियोजना में तीन चरणों में छह टावर विकसित करेगी।
सोमवार को कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार आंतरिक स्रोतों और बैंक ऋणों के माध्यम से कुल 2,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। निर्माण कार्य 2026 में शुरू होगा और परियोजना के 2032 तक पूरा होने की उम्मीद है। यह विकास कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाएगा और इसकी अनुमानित बिक्री 3,500 करोड़ रुपये होगी।
सेंट्रल पार्क के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अमरजीत बख्शी ने कहा, ‘‘ द्वारका एक्सप्रेसवे में हमारा प्रवेश गुरुग्राम के अगले लक्जरी केंद्र के विकास की दिशा में एक कदम है जहां बुनियादी ढांचा, ‘डिजाइन’ और निवेश की संभावनाएं एक साथ सहजता से उपलब्ध होंगी।’’
कंपनी के बिक्री, विपणन एवं ग्राहक संबंध प्रबंधन (सीआरएम) अध्यक्ष अंकुश कौल ने कहा कि द्वारका एक्सप्रेसवे मजबूत बुनियादी ढांचे और बढ़ते निवेशक विश्वास के साथ एक उच्च मूल्य वाले रियल एस्टेट गलियारे के रूप में उभर रहा है।
सेंट्रल पार्क एस्टेट्स ने गुरुग्राम बाजार में कई परियोजनाएं विकसित की हैं।
जमीन-जायदाद के आंकड़ों का विश्लेषण करने वाली कंपनी प्रॉपइक्विटी के अनुसार, जुलाई-सितंबर की अवधि में दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मकानों की बिक्री चार प्रतिशत बढ़कर 10,990 इकाई हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 10,539 इकाई थी। हालांकि, नई पेशकश 12,906 इकाई से आठ प्रतिशत घटकर 11,936 इकाई रह गईं।
भाषा निहारिका अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
