नयी दिल्ली, 10 नवंबर (भाषा) भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने निजी इक्विटी कंपनी, एडवेंट इंटरनेशनल के यथार्थ हॉस्पिटल्स में हिस्सेदारी खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे स्वास्थ्य सेवा प्रदाता कंपनी में 3,150 करोड़ रुपये के निवेश का रास्ता साफ हो गया है।
अमेरिका स्थित एडवेंट इंटरनेशनल अपनी सहयोगी कंपनी रसमलाई लिमिटेड के जरिये यह निवेश कर रही है।
सीसीआई ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि उसने रसमलाई लिमिटेड द्वारा यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज लिमिटेड की कुछ हिस्सेदारी के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है।
यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज ने सितंबर में घोषणा की थी कि एडवेंट इंटरनेशनल ने कंपनी में 3,150 करोड़ रुपये की प्राथमिक पूंजी निवेश करने के लिए अंतिम समझौता किया है।
इस सौदे के पूरा होने के बाद एडवेंट की स्वास्थ्य सेवा प्रदाता कंपनी में 24.9 प्रतिशत अल्पांश हिस्सेदारी होने की उम्मीद है।
इस निवेश से यथार्थ हॉस्पिटल्स को अपनी विस्तार योजनाओं के वित्तपोषण और देशभर में अपने स्वास्थ्य सेवा नेटवर्क को मजबूत करने के लिए पूंजी मिलेगी। वहीं, इससे एडवेंट को भारत के तेजी से बढ़ते अस्पताल और स्वास्थ्य सेवा बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों का नेटवर्क संचालित करती है। कंपनी विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों में व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं, जांच सुविधाएं और उन्नत चिकित्सा प्रक्रियाएं उपलब्ध कराती है।
वर्ष 2008 में स्थापित यह कंपनी उत्तर भारत की तेजी से बढ़ती सूचीबद्ध स्वास्थ्य सेवा कंपनियों में शामिल है। इसके नौ मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पतालों में 2,800 बिस्तर हैं, जबकि घोषित कुल क्षमता 3,250 बिस्तरों की है।
एक निश्चित सीमा से अधिक के कारोबार के लिए नियामक की मंजूरी जरूरी होती है। सीसीआई अनुचित कारोबारी गतिविधियों पर नजर रखने के साथ बाजार में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का काम करता है।
इस महीने की शुरुआत में यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज ने बताया था कि सितंबर तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध मुनाफा 17.45 प्रतिशत बढ़कर 48.45 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में कंपनी ने 41.25 करोड़ रुपये का मुनाफा अर्जित किया था।
कंपनी के मुताबिक, समीक्षाधीन अवधि में उसका परिचालन राजस्व बढ़कर 431.42 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 28.3 करोड़ रुपये था।
रसमलाई लिमिटेड साइप्रस में पंजीकृत कंपनी है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.