scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशअर्थजगतकोविड महामारी के बाद बढ़ीं कारोबारी यात्राएं: ओयो रिपोर्ट

कोविड महामारी के बाद बढ़ीं कारोबारी यात्राएं: ओयो रिपोर्ट

Text Size:

नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) भारत में कारोबारी यात्राओं में तेजी आई है। इससे पहले कोविड महामारी के कारण लगभग दो साल तक इस तरह की यात्राएं बहुत कम या लगभग नहीं हो रही थीं। लेकिन अब इनमें तेजी आई है। यात्रा एवं आतिथ्य प्रौद्योगिकी मंच ओयो की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

ओयो की छमाही कारोबारी यात्रा रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी, 2022 से सभी उद्योगों में कारोबारी गतिविधियां एकदम से तेज होने के साथ ही इस तरह की यात्राओं में भी निरंतर वृद्धि देखने को मिल रही है।

ओयो ने बयान में कहा, ‘‘कारोबारी यात्रा श्रेणी में सर्वाधिक 29 प्रतिशत कॉरपोरेट कर्मचारी, 17.7 फीसदी छोटे व्यापारी और 12.3 फीसदी सरकारी कर्मचारी रहे।’’

यह सर्वे इस वर्ष 25 से 30 जून के बीच 1,300 लोगों पर किया गया और इसमें पाया गया कि कारोबारी यात्राओं के लिहाज से सबसे पसंदीदा स्थल दिल्ली, उसके बाद बेंगलुरु, फिर मुंबई और हैदराबाद हैं।

इसके मुताबिक, कारोबारी यात्राएं करने वालों में 43 प्रतिशत लोगों की आयु 20 से 24 वर्ष के बीच, 34.5 फीसदी की 25 से 30 वर्ष के बीच और 18.6 फीसदी की 31 से 45 वर्ष के बीच है।

ओयो के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (उत्पाद एवं प्रमुख सेवा अधिकारी) श्रीरंग गोडबोले ने कहा, ‘‘यात्राएं शुरू होने के बाद पहले-पहल तो लोग छुट्टियां मनाने या कहीं से भी काम करने की सुविधा के चलते यात्राएं कर रहे थे, लेकिन कारोबारी यात्राओं ने इस साल की शुरुआत में गति पकड़ी जो निरंतर जारी है।’’

सर्वे के मुताबिक, कारोबार के लिए यात्रा करने वाले लोगों में से सर्वाधिक 16 प्रतिशत निर्माण उद्योग से जुड़े थे जिसके बाद परिवहन, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और स्वास्थ्य क्षेत्र के लोगों का नंबर आता है।

भाषा मानसी अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments