scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमदेशअर्थजगतप. बंगाल में तृणमूल के कार्यकाल में किसानों के लिए बजटीय सहायता 13 गुना बढ़ी : अमित मित्रा

प. बंगाल में तृणमूल के कार्यकाल में किसानों के लिए बजटीय सहायता 13 गुना बढ़ी : अमित मित्रा

Text Size:

कोलकाता, पांच फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मुख्य सलाहकार अमित मित्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले एक दशक में पश्चिम बंगाल की अर्थव्यवस्था में बड़ा विस्तार हुआ है और इस साल का बजट चार लाख करोड़ रुपये से अधिक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

विधानसभा में लेखानुदान पेश होने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में अमित मित्रा ने कहा कि बजट का आकार वित्त वर्ष 2010-11 में लगभग 84,000 करोड़ रुपये था जो अब बढ़कर करीब पांच गुना हो गया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के दौरान राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण वृद्धि को दर्शाता है।

मित्रा ने कहा कि राज्य का कर संग्रह वित्त वर्ष 2010-11 में 21,129 करोड़ रुपये था जो वित्त वर्ष 2026-27 के आम बजट में बढ़कर अनुमानित 1,18,669 करोड़ रुपये हो गया है।

विकास के प्रमुख संकेतक के रूप में पूंजीगत व्यय पर प्रकाश डालते हुए मित्रा ने कहा कि राज्य का पूंजीगत परिव्यय वित्त वर्ष 2010-11 में 2,226 करोड़ रुपये था जो 18.5 गुना बढ़कर लगभग 43,000 करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने कहा कि अब राज्य का 45 प्रतिशत से अधिक पूंजीगत व्यय संपत्ति निर्माण की ओर जा रहा है। यानी इस राशि को बुनयादी ढांचे और सामाजिक संपत्तियों में बदला जा रहा है।

मित्रा ने कहा कि ‘मा माटी मानुष’ सरकार ने किसानों, सामाजिक सेवाओं और बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों के लिए बजटीय सहायता 13 गुना बढ़ गई है।

मित्रा ने कहा कि सामाजिक सेवाओं के लिए आवंटन 11 गुना बढ़ा है।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments