scorecardresearch
Wednesday, 18 February, 2026
होमदेशअर्थजगतअत्याति टेक्नोलॉजीज का 154 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी बीएलएस ई-सर्विसेज

अत्याति टेक्नोलॉजीज का 154 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी बीएलएस ई-सर्विसेज

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) बीएलएस ई-सर्विसेज ने वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी अत्याति टेक्नोलॉजीज लि. का 154 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करने की घोषणा की है।

सरकारों और वित्तीय संस्थानों को डिजिटल सेवाएं प्रदान करने वाली बीएलएसई ई-सर्विसेज ने एक बयान में कहा कि यह अधिग्रहण पूरी तरह से नकद में होगा और इसके 31 मार्च, 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। यह सौदा नियामक प्राधिकरणों, शेयरधारकों तथा अन्य मंजूरी पर निर्भर है।

यह अधिग्रहण अत्याति के इक्विटी मूल्य 154 करोड़ रुपये के आधार पर किया जा रहा है।

इस बारे में बीएलएस ई-सर्विसेज लि. के चेयरमैन शिखर अग्रवाल ने कहा,“अत्याति टेक्नोलॉजीज के अधिग्रहण के लिए सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर हमारी रणनीति के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य कंपनी की सेवा क्षमताओं को मजबूत करना और भारत की वित्तीय समावेश रणनीति में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अत्याति टेक्नोलॉजीज के 25,900 से अधिक सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) के व्यापक नेटवर्क को हमारे नेटवर्क के साथ जोड़कर हम 70,000 से अधिक ‘टचपॉइंट’ (केंद्र) वाला एक सशक्त संयुक्त मंच तैयार कर रहे हैं, जिससे साझा बुनियादी ढांचे के माध्यम से लागत दक्षता और डिजिटल ऋण में नए उच्च-मार्जिन के अवसर सृजित होंगे।’’

बेंगलुरु स्थित अत्याति टेक्नोलॉजीज अपनी प्रौद्योगिकी और वितरण नेटवर्क के माध्यम से बैंकों और वित्तीय संस्थानों को अंतिम छोर के ग्राहकों को कुशलतापूर्वक और लागत प्रभावी तरीके से वित्तीय सेवाएं प्रदान करने में सक्षम बनाती है।

भाषा

रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments