scorecardresearch
गुरूवार, 12 जून, 2025
होमदेशअर्थजगतअक्जो नोबेल के भारतीय कारोबार के अधिग्रहण की दौड़ में ब्लैकस्टोन और अन्य पीई फर्म भी शामिल

अक्जो नोबेल के भारतीय कारोबार के अधिग्रहण की दौड़ में ब्लैकस्टोन और अन्य पीई फर्म भी शामिल

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) वैश्विक निवेश कंपनी ब्लैकस्टोन के प्रवेश के साथ ही नीदरलैंड की बहुराष्ट्रीय पेंट कंपनी अक्जो नोबेल एनवी के भारतीय कारोबार के अधिग्रहण की दौड़ और तेज हो गई है। उद्योग सूत्रों ने यह जानकारी दी।

ब्लैकस्टोन के अलावा तीन अन्य अमेरिकी निजी इक्विटी (पीई) फंड ने अक्जो नोबेल इंडिया के कारोबार में नियंत्रक हिस्सेदारी हासिल करने में रुचि दिखाई है जिसमें जेएसडब्ल्यू पेंट्स और पिडिलाइट इंडस्ट्रीज जैसी प्रतिद्वंद्वी पेंट बनाने वाली कंपनियां पहले से ही प्रतिस्पर्धा में हैं।

इन पीई फंड में ब्लैकस्टोन, वारबर्ग पिन्कस, वैश्विक निवेश फर्म कार्लाइल ग्रुप और जर्सी स्थित सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स शामिल हैं। ये न केवल अक्जो नोबेल के भारत के व्यवसाय पर नजर रख रहे हैं, बल्कि इसके पूरे दक्षिण एशियाई कारोबार पर भी नजर बनाए हुए हैं।

अक्जो नोबेल के दक्षिण एशिया व्यवसाय में भारत और पड़ोसी देश जैसे पाकिस्तान, नेपाल और श्रीलंका शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि आदित्य बिड़ला समूह की बिड़ला ओपस और बर्जर पेंट्स जैसे कुछ बड़े नामों ने अक्जो नोबेल के भारतीय पेंट कारोबार को हासिल करने की दौड़ से बाहर होने का विकल्प चुना है। इसके अलावा बहुलांश बाजार हिस्सेदारी के साथ भारतीय पेंट उद्योग पर हावी एशियन पेंट्स भी अनिच्छुक है क्योंकि इसे निष्पक्ष व्यापार नियामक भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) से नियामकीय बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है।

सज्जन जिंदल नीत विविधीकृत समूह जेएसडब्ल्यू ग्रुप का हिस्सा जेएसडब्ल्यू पेंट्स, पीई फर्म टीपीजी के साथ मिलकर मूल नीदरलैंड की कंपनी से बहुलांश हिस्सेदारी हासिल करने की दौड़ में है। भारतीय पेंट उद्योग में एक नई कंपनी पिडिलाइट के अलावा, पुणे स्थित इंडिगो पेंट्स भी कई संस्थाओं के माध्यम से अक्जो नोबेल के भारत कारोबार में 74.76 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने की दौड़ में है।

अक्जो नोबल इंडिया से इस पर तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।

भाषा निहारिका अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments