नयी दिल्ली, पांच जनवरी (भाषा) भारतीय मानक ब्यूरो के अधिकारियों ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोकोकार्ट के खुदरा स्टोर पर छापा मारा।
सरकार ने बृहस्पतिवार को बताया कि आयातित ‘किंडर जॉय चॉकलेट टी’ बेचने के लिए यह छापा मारा गया, जो कथित तौर पर खिलौनों की गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन है।
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने बयान में कहा कि खिलौनों की गुणवत्ता नियंत्रण आदेश के उल्लंघन के संबंध में मिली एक शिकायत के बाद तीन जनवरी को बीआईएस की मुंबई शाखा ने छापा मारा।
खिलौनों की गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (क्यूसीओ) के अनुसार सभी खिलौनों को बीआईएस प्रमाणित होना चाहिए और उन पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के वैध लाइसेंस नंबर के साथ एक मानक चिह्न होना चाहिए।
मंत्रालय ने कहा कि छापे के दौरान पाया गया कि कंपनी ने ‘किंडर जॉय चॉकलेट टी’ का आयात किया, जिसके साथ एक खिलौना भी आता है। जांच के दौरान पाया गया कि ये खिलौने बीआईएस प्रमाणित नहीं थे, जो खिलौनों की गुणवत्ता नियंत्रण आदेश का उल्लंघन है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
