scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएक लाख से अधिक स्कूलों के 1.2 करोड़ बच्चों के बायोमेट्रिक ब्योरे अद्यतन कराए गए

एक लाख से अधिक स्कूलों के 1.2 करोड़ बच्चों के बायोमेट्रिक ब्योरे अद्यतन कराए गए

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने छह महीने के भीतर देशभर के एक लाख से अधिक स्कूलों में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट का अभियान पूरा कर लिया है। इस अभियान से करीब 1.2 करोड़ स्कूली बच्चे लाभांवित हुए हैं।

आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस अभियान के तहत सात से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आधार में फिंगरप्रिंट एवं आंखों की पुतलियों के स्कैन को अद्यतन करने की सुविधा अक्टूबर, 2025 से एक वर्ष की अवधि के लिए मुफ्त रखी गई है।

अभियान के दौरान स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किए गए, जिससे बच्चों को अपने स्कूल परिसर में ही आधार संबंधी बायोमेट्रिक डेटा को अद्यतन कराने की सुविधा मिली।

प्राधिकरण ने बताया कि अब तक 1,03,000 से अधिक स्कूलों में यह प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इसके अलावा, बच्चे देशभर के किसी भी आधार नामांकन केंद्र या आधार सेवा केंद्र पर जाकर भी अपने बायोमेट्रिक को अद्यतन करा सकते हैं।

इस प्रक्रिया के तहत बच्चों के फिंगरप्रिंट और आंखों की पुतलियों के डेटा को पांच वर्ष और फिर 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर अद्यतन कराना अनिवार्य होता है। इसकी वजह यह है कि पांच वर्ष से कम उम्र में ये बायोमेट्रिक संकेतक पूरी तरह विकसित नहीं होते हैं।

यूआईडीएआई ने कहा कि यह कदम बच्चों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति लाभ, तथा प्रतियोगी और विश्वविद्यालय परीक्षाओं में पंजीकरण के दौरान पहचान सत्यापन में मददगार होगा।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments