scorecardresearch
मंगलवार, 27 मई, 2025
होमदेशअर्थजगतबेंगलुरु में 10 लाख से अधिक प्रौद्योगिकी पेशेवर, शीर्ष 12 वैश्विक केंद्रों में शामिलः रिपोर्ट

बेंगलुरु में 10 लाख से अधिक प्रौद्योगिकी पेशेवर, शीर्ष 12 वैश्विक केंद्रों में शामिलः रिपोर्ट

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) देश की सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) राजधानी कहे जाने वाले बेंगलुरु में प्रौद्योगिकी गतिविधियों में संलग्न कार्यबल की संख्या 10 लाख का आंकड़ा पार करने के साथ ही यह शहर शीर्ष 12 वैश्विक प्रौद्योगिकी केंद्रों में शामिल हो गया है। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

रियल एस्टेट सलाहकार फर्म सीबीआरई ने ‘ग्लोबल टेक टैलेंट गाइडबुक 2025’ रिपोर्ट में दुनिया के 115 बाजारों में वैश्विक प्रौद्योगिकी प्रतिभा की गतिशीलता पर प्रकाश डाला है। इसमें प्रौद्योगिकी पेशेवरों की उपलब्धता, गुणवत्ता और लागत के आधार पर बाजारों का मूल्यांकन किया गया है।

सीबीआरई ने कहा कि रिपोर्ट में बेंगलुरु को शीर्ष 12 वैश्विक प्रौद्योगिकी केंद्रों में से एक के रूप में चिह्नित किया गया है। अन्य शहरों में बीजिंग, बोस्टन, लंदन, न्यूयॉर्क मेट्रो, पेरिस, सैन फ्रांसिस्को खाड़ी क्षेत्र, सिएटल, शंघाई, सिंगापुर, तोक्यो और टोरंटो शामिल हैं।

सलाहकार फर्म ने कहा, ‘‘बेंगलुरु, बीजिंग और शंघाई के साथ एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सबसे बड़ा प्रौद्योगिकी प्रतिभा बाजार है, जहां प्रौद्योगिकी पेशेवरों की संख्या 10 लाख से अधिक है। यह बेंगलुरु शहर को वैश्विक प्रौद्योगिकी और नवाचार परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण नोड बनाता है।’’

सीबीआरई के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया, पश्चिम एशिया एवं अफ्रीका) अंशुमान मैगजीन ने कहा, ‘‘बेंगलुरु का वैश्विक प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में उभरना डिजिटल नवाचार, एआई और उपलब्ध प्रतिभा में भारत की रणनीतिक गहराई को दर्शाता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके साथ दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, अहमदाबाद और जयपुर जैसे शहरों में समानांतर विकास की कहानी भी सामने आ रही है, जिनमें से प्रत्येक भारत के विविधतापूर्ण और लचीली प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी में अद्वितीय योगदान दे रहा है।’’

रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु में कृत्रिम मेधा (एआई) में महारत रखने वाले पेशेवरों की संख्या भी देश में सबसे अधिक है जो इसे सैन फ्रांसिस्को और न्यूयॉर्क जैसे स्थापित अमेरिकी समूहों के बराबर रखता है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments