scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशअर्थजगतबंगाल: आपूर्ति बाधित होने की खबरों के बीच एलपीजी वितरण केंद्रों पर लगी लंबी कतारें

बंगाल: आपूर्ति बाधित होने की खबरों के बीच एलपीजी वितरण केंद्रों पर लगी लंबी कतारें

Text Size:

कोलकाता, 14 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया संघर्ष के मद्देनजर आपूर्ति बाधित होने की खबरों के बीच पश्चिम बंगाल के कोलकाता और कई जिलों में एलपीजी वितरण केंद्रों पर शनिवार को लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।

सुबह से ही कोलकाता, दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना जिलों में कई स्थानों पर एलपीजी वितरण केंद्रों के बाहर लोगों की भारी भीड़ नजर आई।

अधिकारियों ने कहा कि इस बीच, एलपीजी सिलेंडरों की कथित जमाखोरी और हेराफेरी को रोकने के लिए अधिकारियों ने राज्य भर में निरीक्षण तेज कर दिया है।

उन्होंने बताया कि कोलकाता पुलिस की प्रवर्तन शाखा (ईबी) जिला अधिकारियों के साथ मिलकर पिछले दो दिनों से कई वितरण केंद्रों और गोदामों पर छापेमारी कर रही है।

अधिकारियों ने कहा कि कोलकाता में ईबी की टीम ने भंडारण की स्थिति को सत्यापित करने के लिए लेक गार्डन और जोधपुर पार्क सहित कम से कम 25 केंद्रों का निरीक्षण किया।

हुगली और उत्तर 24 परगना जैसे जिलों में भी इसी तरह के निरीक्षण किए गए।

राज्य सरकार ने चौबीसों घंटे निगरानी करने वाला तंत्र स्थापित किया है और वितरकों के साथ बैठकें की हैं ताकि अस्पतालों और स्कूलों जैसे प्राथमिक क्षेत्रों में पर्याप्त एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

कमारहाटी नगरपालिका के पार्षद बिमल साहा को कतार में खड़े लोगों को गोबर के उपले वितरित करते देखा गया।

उन्होंने इसे सिलेंडरों की कमी के विरोध में प्रतीकात्मक प्रदर्शन बताया।

कथित एलपीजी आपूर्ति व्यवधान ने कोलकाता में अस्पताल की रसोई को प्रभावित करना शुरू कर दिया है, जिससे कई सरकारी और निजी स्वास्थ्य सेवा संस्थानों को मरीजों के भोजन को निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए आकस्मिक उपाय अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

राज्य के कुछ हिस्सों में स्कूलों के मध्याह्न भोजन कार्यक्रम पर भी असर पड़ा है।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments