गुवाहाटी, 24 नवंबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को दवा उद्योग के लिए 750 करोड़ रुपये की एकीकृत इकाई की आधारशिला रखी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 300 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
शर्मा ने कहा कि ‘की स्टार्टिंग मैटेरियल्स’ (केएसएम) परियोजना को नुमालीगढ़ इंडस्ट्रीज एलएलपी स्थापित करेगी। इसके लिए ‘एडवांटेज असम 2.0 निवेश एवं बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन’ के दौरान एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे।
उन्होंने कहा कि आरएलजी समूह इस परियोजना में दो चरणों में करीब 750 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। इससे ऊपरी असम पेट्रोकेमिकल उत्पादों और दवा उद्योग के लिए जरूरी कच्चे माल के उत्पादन के नए केंद्र के रूप में उभरेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना दो महत्वपूर्ण सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों- नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड और असम पेट्रो-केमिकल्स लिमिटेड की मौजूदा उत्पादन क्षमता तथा उनसे निकलने वाले सह-उत्पादों का उपयोग कर एक एकीकृत औद्योगिक तंत्र विकसित करने में मदद करेगी। इससे असम में पहली बार दवा उद्योग के लिए बुनियादी ढांचे के विकास का रास्ता खुलेगा।
उन्होंने ‘की स्टार्टिंग मैटेरियल्स’ परियोजना को असम के औद्योगिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
शर्मा ने कहा कि औद्योगीकरण के जरिये आर्थिक विकास को गति देना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) इस परियोजना के लिए जरूरी कार्बन मोनोऑक्साइड की आपूर्ति करेगी, जबकि असम पेट्रो-केमिकल्स लिमिटेड मेथनॉल उपलब्ध कराएगी। इससे दोनों सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को व्यावसायिक लाभ होगा।
भाषा यासिर रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.