scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशअर्थजगतवैश्विक उथल-पुथल के बीच हमारा ध्यान आर्थिक वृद्धि, आत्मनिर्भरता पर होना चाहिए: वैष्णव

वैश्विक उथल-पुथल के बीच हमारा ध्यान आर्थिक वृद्धि, आत्मनिर्भरता पर होना चाहिए: वैष्णव

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को देश के लक्ष्यों और आर्थिक वृद्धि पर लगातार ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने आत्मनिर्भरता के नजरिये और वैश्विक उथल-पुथल से निपटने के लिए दृढ़ संकल्पित होने की बात भी कही।

सूचना प्रौद्योगिकी, रेल और सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैष्णव ने 12वें वार्षिक पब्लिक अफेयर्स फोरम ऑफ इंडिया (पीएएफआई) कार्यक्रम में यह बात कही।

उन्होंने कहा कि आज हर नीति-निर्माता के मन में एक महत्वपूर्ण सवाल यह है कि इस समय वैश्विक स्तर पर हो रहे तेज बदलावों से प्रभावी ढंग से कैसे निपटा जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत ही रोचक समय है। हमें अपने देश में जो हासिल करना है, उस पर अपना ध्यान रहना चाहिए। हम अपनी अर्थव्यवस्था को कैसे बढ़ाना चाहते हैं, खुद को कैसे मजबूत बनाना चाहते हैं, ताकि दुनिया में जो तूफान हैं… हम उन्हें झेलने और अपने जहाज को उन बड़े तूफानों से पार करने के लिए पर्याप्त मजबूत हों।’’

मंत्री ने बाद में आपसी बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘आत्मनिर्भरता’ के साथ विकास पर जोर दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें भारत में बनी चीजों को बड़े पैमाने पर अपनाना चाहिए। और हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हमारे उद्योगों को वह मजबूती मिले, जो उन्हें दुनिया में हो रही किसी भी उथल-पुथल का सामना करने के लिए पर्याप्त रूप से लचीला बनाए।’’

वैष्णव ने प्रतिभा विकास पर लगातार ध्यान देने पर भी जोर दिया।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments